ग्राहकों ने चेक किए लाकर, एक्सपर्ट ने की जांच
मेरठ। जैन नगर के उद्यमी द्वारा बैंक लॉकर से ज्वैलरी गायब होने के आरोपों की शुक्रवार को जांच पड़ताल हुई। बैंक द्वारा बुलाए गए एक्सपर्ट ने पुलिस और उद्यमी की मौजूदगी में लॉकर चेक किया। वहीं ग्राहक दिन भर बैंक में अपने लॉकर चेक करने पहुंचते रहे।
जैन नगर निवासी उद्यमी हरित जैन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि आईसीआईसीआई बैंक की जैन नगर ब्रांच के लॉकर से ज्वैलरी का एक बॉक्स गायब हो गया है। उसमें 5-7 लाख रुपये के जेवर थे। इस संबंध में रेलवे रोड थाने में तहरीर दी गई थी। शुक्रवार शाम को बैंक ने लॉकर से संबंधित कंपनी के एक्सपर्ट को जांच के लिए बुलाया। एएसपी सतपाल सिंह, एसओ रेलवे रोड मो.असलम भी पहुंचे।
कैसे घुसी पत्ती
उद्यमी पक्ष का कहना है ये बात स्पष्ट होनी चाहिए कि लॉक में एल्युमिनियम की पत्ती कैसे घुसी। ग्राहक वाले लॉक में ही ऐसा क्यों हुआ जबकि बैंक वाले लॉक की चाबी लग रही थी। वहीं एक्सपर्ट ने जांच के बाद लॉकर खुलने की संभावना से इंकार किया है। उनका कहना था कि यदि लॉकर खुलता तो वो केवल ग्राहक की चाबी से ही बंद होता। जबकि चाबी ग्राहक के ही पास थी।
किसी और ने नहीं की शिकायत
बैंक अधिकारियों का कहना था कि उनके यहां 500 से ज्यादा लॉकर हैं। शुक्रवार को भी करीब 50-55 ग्राहकों ने बैंक आकर अपने लॉकर देखे। किसी ने भी कोई शिकायत नहीं की। केवल एक ही ग्राहक की शिकायत है। एक्सपर्ट की जांच में भी साफ हो गया है कि लॉकर नहीं खुला है। वैसे भी लॉकर की जिम्मेदारी बैंक की नहीं होती। एसओ रेलवे रोड ने बताया कि पीड़ित उद्यमी संतुष्ट नहीं हैं। पुलिस सोमवार को फोरेंसिक टीम को बुलाकर लॉकर की जांच कराएगी।
खास बात
उद्यमी के बैंक लॉकर से जेवर गायब होने का मामला