बिजली गिरने से घरों में आई दरार, इनवर्टर जले
मवाना/फलावदा। बारिश के दौरान बृहस्पतिवार सुबह बिजली गिरने से अशोक विहार कॉलोनी में पांच घरों के इनवर्टर और बिजली बोर्ड जल गए। बिजली आपूर्ति बंद होने की वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
कॉलोनी निवासी राजीव सैनी ने बताया कि सुबह करीब छह बजे के आसपास घर के खुले हिस्से में तेज रोशनी के साथ बिजली गिरी। वहां पर उन्होंने अर्थ का तार लगाया हुआ है। बिजली गिरने से अर्थ का तार टूट गया और इनवर्टर जल गया। बिजली के बोर्ड में लगे स्विच भी फुंक गए। तेज आवाज होने से घर के लोग डर गए। इनके अतिरिक्त पंकज वर्मा, रूपेश सैनी, संजीव, मिक्की के घरों में लगे इनवर्टर भी फुंक गए। सभी के मकान आसपास ही हैं।
वहीं फलावदा के गांव मंदवाड़ी में बिजली गिरने से कई ग्रामीणों के मकान में दरार आ गई। घरों में विद्युत उपकरण जल गए। धमाके से गांव में दहशत फैल गई। प्रधान फतेह शर्मा ने बताया कि सुबह करीब सात बजे हरशरण शर्मा के घर पर बिजली गिरी। छत में दरार डालकर बिजली तारों में प्रवाहित हो गई। इसकी वजह से हुए धमाके से ग्रामीण दहशत में आ गए। गांव में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर भी जल गया। प्रधान ने बताया कि जयवीर, ब्रह्म सिंह, जयकरण, अमित के घर में लगे इनवर्टर बैटरी व अन्य उपकरण खराब हो गए। जयवीर के घर में इनवर्टर का बैटरा फट गया। कई लोगों के सेटअप बॉक्स, बल्ब, फ्रीज, एलसीडी आदि उपकरण फुंक गए।
बारिश के बाद नगर में जलभराव
मवाना। बृहस्पतिवार सुबह हुई बारिश से नगर के मुख्य मार्ग समेत कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम खुशगवार हो गया। नगर के मुख्य मार्ग फलावदा चौराहे के पास, चौहान चौक, रोडवेज बस स्टैंड, मोहल्ला हीरालाल, गुरुद्वारे के पास जलभराव होने से लोगों को दैनिक कार्य करने में परेशानी हुई। घंटों बाद पानी की निकासी होने पर लोगों ने राहत महसूस की।