सूरजकुंड स्थित ट्रामा सेंटर में गोवंशों की दुर्दशा पर जताई नाराजगी, नगर आयुक्त को ज्ञापन सौपा
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सूरजकुंड स्थित ट्रामा सेंटर में गोवंशों की दुर्दशा को लेकर शुक्रवार को हिन्दू स्वाभिमान परिषद एवं गुरु गोरखनाथ कामधेनु गोसेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर अपनी नाराजगी भी जताई। आरोप लगाया कि निगम द्वारा गोवंशों की सुरक्षा और उपचार के नाम पर औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं।
राज्य संयोजक प्रभारी सुशील वर्मा ने बताया कि 16 सितंबर को संगठन के कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम ने सूरजकुंड स्थित ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया था। वहां स्थिति बेहद दयनीय पाई गई। छोटी-सी जगह में ट्रामा सेंटर बनाया गया है, जहां घायल गोवंशों के लिए न तो पर्याप्त जगह है और न ही स्वच्छ वातावरण। गोवंश को सांस लेने में तकलीफ झेल रही थीं। गंभीर बात यह रही कि वहां किसी प्रकार की दवाइयों या प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था उपलब्ध नहीं मिली।
आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर महज दिखावा बनकर रह गया है। वहां पर दुर्घटनाग्रस्त गोवंशों को लाकर उपचार देने के बजाय उनकी मौत का इंतजार किया जाता है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि ट्रामा सेंटर की व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संगठन बड़े आंदोलन करेगा। इस दौरान योग उपाध्याय, मूलचंद शर्मा, बिजेंद्र सोम, सुनील पासी, अमित रोहिला, गौतम चौहान, शिवम कश्यप, अन्नू, मोहित शर्मा, विक्रांत जाटव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने ट्रामा सेंटर में सुधार कराने का आश्वासन देकर कार्यकर्ताओं को शांत किया।