सिपाही समेत तीन युवक मिले संक्रमित
सिवाया गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पति और शोभित विवि में क्वारंटीन एक सिपाही की रिपोर्ट मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को उपचार के लिए मेरठ भेजा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सिवाया गांव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति ने पल्हैड़ा में लगे कैंप में जांच कराई थी। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। टीम ने उसे उपचार के लिए मेरठ भेजा और इलाके को सील करने की कार्रवाई शुरू कराई।
वहीं, शोभित विवि में क्वारंटीन नोएडा से ट्रांसफर होकर आए एक सिपाही की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं रजबन निवासी युवक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पल्लवपुरम स्थित विशाल मेगा मार्ट को बंद कराया गया है। युवक वहीं काम करता था। स्वास्थ्य विभाग शॉपिंग मॉल के सभी कर्मचारियों की जांच कराने की तैयारी कर रहा है।
शहर व देहात के 20 इलाके अनलॉक
मेरठ शहर व देहात के 20 इलाकों को मंगलवार को अनलॉक कर दिया गया। शहर और देहात के 20 इलाकों को ग्रीन जोन में शामिल होने के बाद अनलॉक किया गया है। जहां से सील हटा ली गई है। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि सीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर इन इलाकों को अनलॉक किया गया है।
जिन इलाकों को अनलॉक किया गया है उनमें मेहंदी मोहल्ला कंकरखेड़ा, नंगला जैनपुर, लिसाड़ी, जयभीमनगर, जागृति विहार सेक्टर 8, औरंगशाहपुर डिग्गी, सहयोग पार्क मंगलपांडे नगर, राधा गार्डन मवाना रोड, पूर्वा शेख लाल, जागृति विहार सेक्टर 6, प्रगति नगर, डी ब्लॉक समर गार्डन, भूमिया का पुल, शिव कुंज कॉलोनी, नया बाजार, शिव मंदिर के पास रविंद्रपुरी, नारी निकेतन, मोहल्ला मुन्नालाल व मोहल्ला कल्याण सिंह मवाना, गांव कला सरधना, खिर्वा जलालपुर, गांव भंडोरा हैं।
शहर से देहात तक किया सैनिटाइजेशन
फायर ब्रिगेड की टीम ने मंगलवार को पुलिस चौकियों के अलावा हॉट स्पॉट इलाकों में सैनिटाइजेशन किया। सिविल लाइन, दिल्ली रोड व कंकरखेड़ा में सैनिटाइजेशन का कार्य किया। फायर विभाग की चार टीमें छिड़काव के लिए लगाई गई थी। सीएफओ अजय कुमार शर्मा ने बताया हॉटस्पॉट के साथ-साथ अन्य स्थलों पर भी सैनिटाइजेशन किया गया। 106 दिनों से अग्निशमन विभाग कोरोना से बचाव के लिए छिड़काव कर रहा है। परतापुर, मोहिउद्दीनपुर, कोतवाली थाना, गुदड़ी, हापुड़ रोड, रुड़की रोड व अन्य स्थानों पर छिड़काव किया।