पश्चिमी यूपी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जहां बुधवार को मुजफ्फरनगर में चार महिलाओं समेत नौ लोगों की कोरोना से मौत हो गई तो वहीं मेरठ में 1198 नए केस मिले हैं। इससे पहले मंगलवार को पश्चिमी यूपी के छह जिलों में 2588 नए केस मिले थे।
उधर, बिजनौर में बुधवार को कोरोना के 324 केस मिले। वहीं सहारनपुर में कोरोना संक्रमण से आज दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा शामली जिले में कोरोना के 147 नए मरीज मिले, जबकि बागपत में 53 मरीज मिले हैं।
यह भी पढ़ें: मेरठ में वारदात: शिक्षिका से लूटे 1.35 लाख रुपये, बदमाश फरार, जांच में जुटे पुलिस अफसर
वहीं अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी पूर्व चेयरमैन के पति की कोरोना से मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। मुजफ्फरनगर में चार महिलाओं समेत नौ संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। मृतकों में जिला पंचायत के वार्ड 27 से भाजपा प्रत्याशी सम्राट बालियान की मृत्यु मेरठ मेडिकल कॉलेज में हुई है। जिले में बुधवार को 391 नए संक्रमित मिले हैं।
कोरोना संक्रमण से 14 की मौत, 1198 मिले नए मरीज
मेरठ में कोरोना संक्रमण से बुधवार को 14 मरीजों की मौत हो गई है। इनमें 12 रोगी मेडिकल कॉलेज में उपचार करा रहे थे, जबकि दो अन्य मरीजों का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा था। मेडिकल प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में मेरठ के 58, 32, 50, 50, 82 और 53 वर्षीय व्यक्ति थे। अन्य मरीज दूसरें जिलों से हैं। इनमें 42 साल की महिला और 75 साल के बुजुर्ग बागपत, 50 साल के व्यक्ति और 25 साल की महिला बुलंदशहर, 38 और 34 साल के युवक मुजफ्फरनगर, 57 साल की महिला हापुड़ और 35 साल का युवक बिजनौर का था। इन मरीजों के बारे में उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
वहीं, कोरोना के बुधवार को 1198 मरीज मिले। इस तरह पिछले दो दिन में 2438 मरीज मिल चुके हैं, यानी हर घंटे 50 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या भी 30 हजार के पार पहुंच गई है। नए मरीजों में ज्यादा मेडिकल कॉलेज, शास्त्री नगर, जागृति विहार, ब्रह्मपुरी, कंकरखेड़ा, तहसील, मोदीपुरम, भगवानपुर, अप्पू एंक्लेव, लिसाड़ी, गंगानगर और राजेंद्र
नगर सहित अन्य जगह के रहने वाले हैं। जिले का कोई क्षेत्र नहीं बचा है, जहां का कोई व्यक्ति संक्रमित नहीं है। संक्रमितों में डॉक्टर, स्टूडेंट, हेल्थ केयर वर्कर, घरेलू महिलाएं, किसान, कारोबारी और नौकरीपेशा आदि शामिल हैं। कुल 9277 सैंपलों की जांच की गई। मरीजों में हर उम्र हर तबके से जुड़ा व्यक्ति संक्रमित है। अब तक 30003 लोगों को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। 3234 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
रेलवे स्टेशन पर पांच, बस अड्डे पर तीन संक्रमित मिले
रेलवे स्टेशन पर 111 लोगों की कोरोना की जांच की गई। इनमें एंटीजन में पांच लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। वहीं, बस अड्डे पर 41 लोगों की जांच की गई। इनमें एंटीजन में तीन लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई है।
नए मरीज मिले - 1198
अब तक कुल संक्रमित - 30003
अब तक कुल मौत - 433
होम आइसोलेशन में मरीज - 3234
अब तक जा चुके घर - 22855
यह भी पढ़ें: मेरठ: छत उखाड़कर लाखों की चोरी, दुकान मालिक के पैरों तले से खिसकी जमीन, ये है पूरा मामला