यदि सब कुछ ऐसे ही चलता रहा तो जल्दी ही मेरठ जनपद को कोरोना कर्फ्यू से निजात मिल जाएगी। जिस तरह कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या घट रही है और एक्टिव केस कम हो रहे हैं। उससे उम्मीद की जा रही है कि मंगलवार के बाद मेरठ कोरोना कर्फ्यू से मुक्त हो सकता है।
शासन के निर्देशानुसार जिन जनपदों में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 600 से कम होगी, वहां पर कर्फ्यू से छूट देते हुए निर्धारित प्रतिबंधों के तहत बाजार व अन्य गतिविधियां संचालित की जाएंगी। मेरठ में वर्तमान में करीब 1300 एक्टिव केस है। यदि हम पिछले पांच दिन पर नजर डालें तो औसतन दो सौ मरीज रोजाना कम हो रहे हैं। 1300 मरीजों को देखते हुए अब मात्र 700 एक्टिव मरीज कम होने हैं। शनिवार और रविवार का कर्फ्यू है, जबकि सोमवार को प्रशासन के निर्देश पर बाजार बंदी का दिन है। ऐसे में तीन दिन बाजार बंद रहेगा। इन तीन दिनों के भीतर ही उम्मीद है कि यह संख्या घटकर 600 के आसपास आ जाएगी। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि मंगलवार या बुधवार से मेरठ में व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
इस तरह घट रहे प्रतिदिन एक्टिव मरीज
31 मई को जनपद में 2344 एक्टिव मरीज थे। जो एक जून को घटकर 1980 रह गए। जबकि दो जून को 1767 और तीन जून को इनकी संख्या 1597 हो गई। वहीं चार जून को इनकी संख्या 1300 आई है। इससे साफ है कि नए मरीजों की संख्या में जहां तेजी से गिरावट आई है, तो एक्टिव मरीजों की संख्या भी उसी तेजी से कम हो रही है। जो मेरठ के लिए राहत भरी खबर है।