पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मुजफ्फरनगर में कोरोना के शनिवार को अब तक के सबसे ज्यादा 133 केस मिले हैं, वहीं मेरठ में आज आई रिपोर्ट के अनुसार 94 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सहारनपुर में कांग्रेस नेता इमरान मसूद के परिवार के छह लोगों समेत 154 लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव पाई गई है।
मुजफ्फरनगर शहर समेत जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार फैल रहा है। जिला कारागार और कवाल की अस्थाई जेल में भी कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शनिवार को 133 लोग पॉजिटिव मिले, जिनमें 63 जेल के बंदी शामिल हैं। जनपद में पहली बार इतने मरीज मिले हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि शनिवार को कोरोना के 133 केस नए मिले हैं। सबसे अधिक 63 बंदी जेल के हैं, इनमें 37 बंदी जिला कारागार के और 26 बंदी कवाल की अस्थाई जेल के हैं। इनके अलावा गांव सैदपुर नंगला में दस, लोधा कालोनी खतौली में छह, पुरकाजी में दो, अलमासपुर में दो, गऊशाला नदी रोड पर पांच, कंबलवाला बाग में दो, शहर में तीन, राम विहार में पांच, आबकारी में दो, शांतिनगर में तीन मरीज मिले है।
गुलशन विहार, सहावली, गांधीनगर, मुस्तफाबाद, शुक्रताल, मंदौड़, जैननगर, श्यामपुरी खतौली, मूलवंद विहार खतौली, कृष्णापुरी, न्याजूपुरा, अग्रसेन विहार, खादरवाला, गंगारामपुरा, नवाबगंज, गांधी कालोनी, जानसठ रोड, सुभाषनगर, नई मंडी, कंवलवाला बाग, साकेत, बचन सिंह कालोनी, भोपा रोड, जैन मिलन विहार, ओम पैराडाइज में भी मरीज मिले हैं। शनिवार को 40 मरीज ठीक हुए। अब तक 1346 मरीज ठीक हो चुके है। टोटल केस 1986 हो गए है, जिनमें से सक्रिय केस 614 हैं।