सीसीएसयू में शनिवार को कॉपी देखने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे व्यवस्था चरमरा गई। एक साथ सैकड़ों छात्र पहुंचने पर विवि ने सबको कॉपी दिखाने से मना कर दिया। इस पर छात्र भड़क गए और रजिस्ट्रार ऑफिस में जमकर हंगामा किया। कुलपति रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे। अधिकारियों ने तय किया कि कॉपी तत्काल दिखाए जाएं। पुलिस बुलाकर व्हाइट बिल्डिंग में कॉपी दिखाने की व्यवस्था की।
फेल होने और कम नंबर मिलने की काफी शिकायतें विवि के पास पहुंची हैं। कॉपी देखने के लिए छात्र-छात्राओं ने आरटीआई लगाई है। आरटीआई विभाग से गलती यह हुई कि ज्यादातर छात्र-छात्राओं को कॉपी दिखाने की डेट 26 सितंबर दे दी। एकसाथ छात्र पहुंचने से व्यवस्था चौपट हो गई। किसी तरह पुलिस ने व्यवस्था बनाई। लाउड स्पीकर से छात्रों का नाम पुकारकर एक-एक करके कॉपी दिखाई गई।
शनिवार को करीब 100 छात्रों को ही कॉपी दिखाई जा सकी। इनमें बीएससी के छात्र ज्यादा थे। अभी बीएससी के छात्रों की शिकायत बची है। रजिस्ट्रार दीपचंद का कहना है मंगलवार से कॉपी दिखाने का शेड्यूल तय कर दिया जाएगा। 50 छात्रों को रोज कॉपियां दिखाई जाएंगी। करीब 400 छात्रों की समस्या है। कॉपी दिखाने के शेड्यूल की जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
कमेटी देगी रिपोर्ट
फेल होने और कम नंबर देने की शिकायत को लेकर कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी। रजिस्ट्रार का कहना है कि शिकायतों का समाधान किया जाएगा। जितनी भी शिकायत आई हैं, उनकी रिपोर्ट कमेटी के माध्यम से आएगी। विषय के एक्सपर्ट कमेटी में शामिल हैं।
कॉपी दिखाने में जुटे अधिकारी
कॉपी दिखाने को लेकर पुलिस तैनात करने का यह पहला मामला है। हंगामा और प्रदर्शन होने पर पुलिस को बुलाया जाता है। विवि के पास अपनी होमगार्ड सिक्योरिटी है। शनिवार को कॉपी दिखाने के लिए विवि को पुलिस बुलानी पड़ी। बाहर छात्रों की भीड़ लग गई। मेरठ और सहारनपुर मंडल से छात्र आए थे।