वेतन नहीं मिलने जैसी समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता नगर मोहम्मद अरशद का घेराव करते संविदा विद
ठेका कंपनी पर वेतन न देने और मनमाने ढंग से कटौती करने का आरोप लगाया
-नियुक्ति पत्र, सुरक्षा उपकरण न देने समेत कई शिकायत की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। वेतन नहीं मिलने और कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से वेतन काटने के विरोध में बुधवार को विद्युत निगम के संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता नगरीय विद्युत वितरण मंडल मोहम्मद अरशद का घेराव किया। कर्मचारियों ने कहा कि पीवीवीएनएल ने जिस कंपनी को ठेका दिया है, वह उनका वेतन नहीं दे रही है। मनमाने तरीके से कर्मचारियों का वेतन काटा जा रहा है। अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
निविदा संविदा कर्मचारी सेवा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार को संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता नगर प्रथम मोहम्मद अरशद का घेराव किया। कर्मचारियों ने कहा कि आउटसोर्स कंपनी ने कर्मियों का अप्रैल 2026 माह का दस दिन से अधिक का वेतन काटा है। इस पर कंपनी के प्रतिनिधि को कहा गया कि फेशियल उपस्थिति से संबंधित विवरण को अवर, सहायक व अधिशासी अभियंता से सत्यापित कराकर वेतन जारी किया जाए। 11 संविदा कर्मचारियों में से केवल तीन का ही वेतन आया है। आउटसोर्स कर्मियों को आईडी कार्ड और ईएसआई कार्ड में कंपनी का नाम अपडेट कराकर नहीं दिया गया है। जून माह में आउटसोर्स कर्मियों की उपस्थिति सत्यापित नही कराई गई, जबकि कर्मचारी 14-16 घंटे कार्य कर रहे हैं। कंपनी द्वारा सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जा रहे हैं। नियुक्ति पत्र भी नहीं दिए गए हैं। इस पर अधीक्षण अभियंता ने कंपनी के सुपरवाइजर को तत्काल संविदा कर्मियों को नियुक्ति पत्र देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वेतन संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान कराने को कहा। इस अवसर पर सहायक अभियंता आईटी आलोक त्रिपाठी, अमित खारी, मोहम्मद काशिफ, विनोद कुमार, मुदस्सिर चौहान, सचिन सिंह, विक्रम प्रजापति, निरंजन शर्मा आदि उपस्थित रहे।