तीसरे दिन भी संविदा लाइनमैन रहे हड़ताल पर, विद्युत आपूर्ति प्रभावित
मेरठ। आउटसोर्सिंग फर्म के साथ अनुबंध पूर्ण नहीं होने और फर्म द्वारा कर्मचारियों को प्राथमिक चिकित्सा का लाभ नहीं दिए जाने के विरोध में दो हजार संविदा लाइनमैनों की हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। अधीक्षण अभियंता शहर ने फर्म को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
जिले में लाइनमैनों की आपूर्ति का ठेका 30 सितंबर तक बेसिल कंपनी के पास था। पीवीवीएनएल ने इसके बाद 31 मार्च, 2022 तक ईजी सोर्स एचआर सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को ठेका दिया है। लेकिन इस फर्म ने अभी तक न तो लाइनमैनों के साथ अनुबंध किया है और न ही उनकी मुख्य मांग दुर्घटना होने पर प्राथमिक चिकित्सा कराने के लिए सहमति दी है। इसी वजह से लाइनमैन नाराज हैं। निविदा संविदा कर्मचारी सेवा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और महासचिव अमित खारी ने मंडलायुक्त कार्यालय में पत्र सौंपकर मामले से अवगत कराया। समिति ने मुख्य अभियंता मेरठ जोन संजय आनंद जैन से भी मुलाकात कर मामले को सुलझाने की अपील की।
चार घंटे तक पड़ा असर
हड़ताल के कारण शहर से लेकर गांव तक आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लगाए गए कर्मचारी फाल्ट ठीक नहीं कर पा रहे हैं। बुधवार को शहर के लिसाड़ी गेट, विकासपुरी, हापुड़ रोड, काजीपुर, नौचंदी, लेडीज पार्क, सेंट लुक्स, पुराना आरटीओ, रोहटा रोड, बेगमपुल, एमईएस, अम्हैडा, ललसाना, अमन विहार, जागृति विहार, शास्त्री नगर, शारदा रोड, मोहकमपुुर, माधवपुरम, टीपीनगर, मलियाना, खड़ौली आदि बिजलीघर क्षेत्रों में तीन से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
फर्म कर्मचारी भेजे, वरना कराएंगे एफआईआर
ठेका फर्म को पत्र भेजकर अविलंब मैनपावर का इंतजाम करने को कहा है। पत्र में लिखा है कि अगर कंपनी ने अनुबंध का उल्लंघन किया तो एफआईआर कराई जाएगी।
विजयपाल
क्या बोले अधिकारी
लाइनमैनों की हड़ताल का असर बिजली आपूर्ति पर पड़ रहा है। आउटसोर्स फर्म के जीएम को मामला निपटाने के लिए कहा गया है। अगर फर्म ने अनुबंध शर्तों का उल्लंघन किया और जल्द मैनपावर उपलब्ध नहीं कराई तो एफआईआर कराई जाएगी। - संजय आनंद जैन, मुख्य अभियंता मेरठ जोन