सरधना। कस्बे के कालंद चुंगी चौराहे पर स्थित भारत गैस एजेंसी मंगलवार को निर्धारित समय पर नहीं खुलने से उपभोक्ताओं का गुस्सा भड़क गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर कतार में खड़े थे, लेकिन दोपहर तक एजेंसी बंद रहने से लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
कालंद चौराहे पर स्थित गैस एजेंसी पर मंगलवार को भीड़ और तेज धूप के बीच इंतजार कर रहे सरधना-बिनौली मार्ग निवासी आयुष अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। वह अपने मामा अंकित शर्मा के साथ लाइन में लगा था। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे संभालकर होश में लाने का प्रयास किया। घटना से आक्रोशित अंकित शर्मा ने व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें जल्द गैस सिलिंडर नहीं मिला तो वह आत्मघाती कदम उठा सकते हैं।
इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई। अन्य उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुक कराने के बावजूद पिछले तीन दिनों से सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्हें रोजाना घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ता है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी संचालन में सुधार कराया जाए और समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाए ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने आपूर्ति विभाग को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।