बताया कि सलावा रजवाहा के पास मेरठ-करनाल हाईवे पर कैंटर चालक मनोज को नींद की झपकी लग गई और वह कैंटर से अपना नियंत्रण खो बैठा। जिसके बाद कैंटर ने रजबहे की रेलिंग की दीवार तोड़ते हुए पुलिस की जीप में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में हेड कांस्टेबल संजीत कुमार गंभीर घायल हो गए और सब इंस्पेक्टर जावेद हुसैन सहित दो सिपाही बाल-बाल बचे। हादसे के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस से हेड कांस्टेबल को सीएचसी पहुंचाया। जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। गंभीर हालत में घायल को साथियों ने दिल्ली-मेरठ बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल संजीत कुमार की थाने में तैनाती 17 दिन पहले 18 सितंबर को हुई थी। हेड कांस्टेबल का गाजियाबाद से सरूरपुर थाने में स्थानांतरण हुआ था।
यह भी पढ़ें: MEERUT: 200 साल का हुआ सरधना का विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक चर्च, घूमने के शौकीन हैं तो जरूर देखें ये बेजोड़ नमूना
मौके पर मौजूद सब इंस्पेक्टर जावेद हुसैन ने बताया कि जीप सड़क किनारे खड़ी थी। हेड कांस्टेबल संजीत कुमार जीप में बैठे थे। उसी दौरान कैंटर चालक को नींद की झपकी आई और रजबहा की रैलिंग की दीवार तोड़ते हुए जीप की तरफ आने लगा।
कैंटर को अपनी तरफ आता देख संजीत जीप से उतरे और भागने का प्रयास किया। लेकिन, वह उसकी चपेट में आ गए। साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि हेड कांस्टेबल संजीत कुमार अपनी पत्नी व बच्चों के साथ गाजियाबाद में रह रहे थे। गाजियाबाद में उनके परिवार को जानकारी दे दी गई है। वह मेडिकल पहुंच रहे हैं। बताया गया कि संजीत कुमार वर्ष 2006 में पुलिस में भर्ती हुए थे।