मेरठ। मेडिकल क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने पर शनिवार को आबकारी टीम एवं स्थानीय लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान एक शख्स हाथ में फावड़ा लेकर धरना दे रही महिलाओं के पीछे दौड़ा। इससे लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति संभाली और शराब की दुकान बंद करा दी।
लख्मी विहार एवं कीर्ति पैलेस के बाहर हाल ही में शराब और बीयर की दुकान खुली है। पहले दिन से ही स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। इसके चलते शुक्रवार को पुलिस ने दुकान बंद करा दी थी। अगले दिन दुकान फिर से खोल दी गई। इस पर लोगों ने आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं, महिलाएं धरने पर बैठ गईं। इसकी जानकारी पाकर मेडिकल पुलिस पहुंच गई। वहीं, आबकारी विभाग के अफसरों को बुला लिया। पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति बन गई। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब नशे में धुत एक व्यक्ति धरना दे रही महिलाओं के पीछे फावड़ा लेकर दौड़ पड़ा। इस पर लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी तेज कर दी। इस पर भाजपा नेता डॉ. रवि प्रकाश ने जनता के विरोध को जायज ठहराते हुए प्रशासनिक अफसरों से बात की। इसके उपरांत पुलिस दुकान बंद कराकर लौट गई।
आबकारी विभाग के विरुद्ध आक्रोश
बागपत रोड स्थित मेफेयर कॉलोनी एवं यादगारपुर में शराब की दुकान खोले जाने का विरोध जारी है। वहीं, लख्मी विहार एवं कीर्ति पैलेस में हुए बखेड़े से आबकारी विभाग पर फिर उंगली उठी। लख्मी विहार, कीर्ति पैलेस के बाहर आबादी में शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया जा रहा है। दरअसल में यह दुकान जागृति विहार सेक्टर आठ में पैठ रोड से पंजाब नेशनल बैंक के बीच खोली जानी थी। भाजपा के एक नेता के दबाव में ऐसा नहीं हो सका। लोगों का आरोप है कि दुकान का एमडीए से नक्शा स्वीकृत नहीं है।
वर्जन
शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में दो कॉलोनी के लोग सड़क पर उतर आ गए थे। आबकारी अफसरों को बुलाकर वार्ता कराई गई। फिलहाल दुकान बंद करा दी है। महिलाओं से अभद्रता की की बाबत तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।-संजीव देशवाल, सीओ, सिविल लाइंस