कालंदी गांव में सरकारी स्कूल की जमीन की जुताई को लेकर पूर्व और वर्तमान प्रधान पक्ष में संघर्ष, चार घायल
सरधना। कालंदी गांव में शनिवार देर रात स्कूल की सरकारी जमीन की जुताई को लेकर वर्तमान और पूर्व प्रधान पक्ष के बीच संघर्ष हो गया। इसमें प्रधान पक्ष से तीन व पूर्व प्रधान पक्ष से एक व्यक्ति को चोट आई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है।
कालंदी गांव में प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल की कुछ भूमि है। पूर्व प्रधान ने गांव के ही मुकेश आदि को स्कूल की जमीन फसल बोने के लिए दी थी। प्रधान छोटे का कहना है कि वह बच्चों के लिए स्कूल की जमीन पर खेल मैदान बनवा रहे थे। शनिवार रात पूर्व प्रधान पक्ष से मुकेश पुत्र सिपट्टर आदि ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। जिसमें नितिन पुत्र छोटे, हिमांशु पुत्र संजय, सूरज पुत्र राजेंद्र घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से मुकेश पुत्र सिपट्टर ने भी थाने पर तहरीर दी। बताया कि उसने तीन वर्षों के लिए स्कूल की जमीन ठेके पर ली थी। वर्तमान प्रधान पक्ष जबरन उनकी जमीन पर जुताई करने पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया।