पेट्रोल-डीजल में घटतौली की शिकायत, टीम ने की जांच
मेरठ। जिले में डीजल और पेट्रोल की घटतौली और मिलावट की शिकायत पर टीमों ने 10 पंपों पर जांच की। इससे पंप संचालकों में हड़कंप मचा रहा। हालांकि किसी भी पंप पर न तो घटतौली मिली और न ही मिलावट की पुष्टि हुई।
जिलाधिकारी के बालाजी के निर्देश पर शुक्रवार को एडीएम सिटी अजय तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें एसीएम सुनीता सिंह, आपूर्ति विभाग से एआरओ जोगिंदर सिंह, आपूर्ति निरीक्षक तारावती, बाट माप निरीक्षक कल्पना तोमर, इंडियन ऑयल के सेल्स आफिसर हितेश उत्तम शामिल रहे।
जांच टीम ने रुड़की रोड के पियोर फ्यूल, सरगोधा पेट्रोल पंप, रतिराम खूबचंद और बेस्ट फ्यूल पंप पर डीजल व पेट्रोल की शुद्धता की जांच की। वहीं तेल की माप करके घटतौली जांची। इसके बाद टीम ने बेगमपुल स्थित रामा एंड कंपनी, फेड्रल आटोमोबाइल, सेखो फिलिंग सेंटर टीपीनगर पर जांच की गई।
इनके अलावा हापुड़ रोड स्थित नंबरदार पेट्रोल पंप और खरखौदा स्थित श्रीसांई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की जांच कराई गई। टीम ने दावा किया कि कोई अनियमितता तो नहीं मिली, लेकिन पंप संचालकों को चेतावनी दी गई कि अगर घटतौली और मिलावट की शिकायत मिली तो लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी।
--------
खाद्य तेल के सात नमूने लिए
मेरठ। त्योहारों के नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सक्रिय हो गया है। विभागीय अधिकारियों ने शहर में छह स्थानों पर जांच कर दाल एवं तेल के सात नमूने एकत्र किए। ये नमूने जांच के लिए लखनऊ लैब में भेजे गए हैं।
प्रवर्तन अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया।
मोदीपुरम में नीरज गुप्ता की दुकान से मसूर की दाल का नमूना लिया। शास्त्री नगर में गोयल ट्रेडर्स के यहां से अरहल की दाल, इंदिरा नगर में कुलदीप त्यागी की दुकान और मवाना की दुकानों से सरसों के तेल के नमूने लिए गए। इसके अलावा गढ़ रोड शिवशक्ति विहार से मसूर की दाल और सिविल लाइन ईजीडे से अरहर की दाल का नमूना लिया।
प्रवर्तन अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि दाल और तेल के कुल सात नमूने लखनऊ भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में परमवीर सिंह, स्वामीनाथ, अनिल कुमार गंगवार, अरुण कुमार, रीना शर्मा, विशाल चौधरी, सुभाष चंद्र मौर्य, सुनील कुमार, उमेश कुमार, वैभव शर्मा, बलवीर सिंह, अमित कुमार सिंह आदि रहे।