संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बा हर्रा निवासी नौशाद ने कुछ लोगों पर डेयरियों का गंदा पानी और गोबर सरकारी नाली के माध्यम से खेतों में बहाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे खेतों में खड़ी फसल नष्ट हो गई है।
शिकायत में नौशाद ने बताया कि वह और उसके भाई हर्रा में स्थित भूमि के मालिक हैं। उनकी भूमि के बराबर में सरकारी नाली है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने नाली के पास अवैध रूप से डेयरियां संचालित कर रखी हैं। इन डेयरियों का गंदा पानी और गोबर नाली के माध्यम से उनके खेतों में बहाया जा रहा है। इससे खेतों में जलभराव और गंदगी फैलने के कारण फसल को नुकसान पहुंचा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने मामले में पहले भी कई बार प्रार्थनापत्र दिए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोपियों से गंदा पानी और गोबर खेतों में न बहाने के लिए कहने पर धमकी देते हैं। नौशाद ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई करने और डेयरियों का गंदा पानी व गोबर खेतों में बहाए जाने से रोकने की मांग की है।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार सरूरपुर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।