फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेस्ट यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर, जांबाज अफसरों ने दो को मारी गोली, आठ दबोचे

Wed, 10 Jan 2018 11:46 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मुठभेड़ में बदमाश घायल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

वेस्ट यूपी की पुलिस इन दिनों एक्शन में है। मंगलवार को मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली इन जिलों में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कुल आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

विज्ञापन


शहर में मंगलवार सुबह अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक के बाद एक पांच लोगों से मोबाइल फोन और दो महिलाओं से पर्स लूट लिए। रेलवे रोड क्षेत्र में ईदगाह चौराहे पर पब्लिक ने बदमाशों को दौड़ा लिया। इस दौरान रेलवे रोड पुलिस से हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश सलमान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी फरमान फरार हो गया। घायल बदमाश को मेडिकल अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है।

नौचंदी और मेडिकल इलाके में सुबह 10 से 11 बजे के बीच मोबाइल और पर्स लूट की ये सातों वारदात हुई थीं। लाल रंग की बाइक पर भागते इन बदमाशों को पकड़ने के लिए सिटी पुलिस कंट्रोल रूम से मेसेज फ्लैश हुआ तो शहर के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस सड़कों पर उतर आई। एएसपी कैंट सतपाल सिंह के अनुसार ये बदमाश थापर नगर से होते रेलवे रोड की तरफ भागे, जिसके चलते एसओ रेलवे रोड को अलर्ट किया गया। 
विज्ञापन


करीब 11:30 बजे बदमाशों का ईदगाह नाला रोड पर रेलवे रोड पुलिस से आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाश सलमान पुत्र याकूब निवासी शालीमार गार्डन लिसाड़ी गेट ने पुलिस टीम पर पिस्टल से कई फायर किए। जवाबी फायरिंग में एक गोली सलमान के दाहिने पैर में लगी। दोनो बदमाश बाइक सहित नीचे गिर गए। इस दौरान पुलिस ने सलमान को दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरमान निवासी समर गार्डन लिसाड़ी गेट कब्रिस्तान की ओर फरार हो गया। 

नाले में फेंकी पिस्टल
पुलिस का दावा है कि पकडे़ जाने से पहले ही सलमान ने अपनी .32 बोर की पिस्टल पास के नाले में फेंक दी थी। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। सलमान से आठ मोबाइल फोन और 3663 रुपये बरामद हुए। इनमें तीन मोबाइल फोन भी पहले लूटे हुए बताए गए। 

दुकानदार का सिर फोड़ा
पुलिस जब हूटर बजाती जीप से बदमाशों का पीछा कर रही थी तो पब्लिक में से एक दुकानदार ने बहादुरी का परिचय देते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन सलमान ने दुकानदार के सिर पर पिस्टल की बट मार दी जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसका उपचार कराया।

सलमान को पहले भी लगी गोली
पुलिस के अनुसार बीती पांच सितंबर को मोबाइल फोन लूटकर भागते सलमान को कैंट एरिया में सदर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बाएं पैर में गोली मारी थी। दो माह बाद जेल से छूटने के बाद सलमान फिर से गिरोह एक्टिव कर शहर में लूटपाट कर रहा था।

साथियों की तलाश
एसपी सिटी मान सिंह चौहान के अनुसार सलमान शातिर बदमाश और लुटेरा है। जेल से छूटते ही लूटपाट करने लगता है। उसका लिसाड़ी गेट में गैंग बना हुआ है। पुलिस उसके साथियों की तलाश में लगी है। जवाबी फायरिंग में सलमान के पैर में गोली लगी है। 

पढ़ें : वेस्ट यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर: एक लाख का इनामी बदमाश ढेर

मुजफ्फरनगर में मुठभेड़

मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में रामराज पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जमालपुर नहर पुल के पास से मुठभेड़ में पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि बदमाशों की गोली से थानाध्यक्ष रामराज बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बाल-बाल बचे। पकड़े गए पांचों बदमाशों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए बदमाश दिसंबर में रामराज में हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पांच तमंचे, दो लूटी गई बाइक और मोबाइल आदि बरामद किए हैं। 

सीओ जानसठ एसकेएस प्रताप ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि रामराज क्षेत्र में कुछ बदमाश लूटपाट करने की नीयत से घूम रहे हैं। इस सूचना पर रामराज एसओ आनंद प्रकाश मिश्रा और क्राइम ब्रांच के प्रवेश कुमार पुलिस टीम के साथ खादर क्षेत्र और नहर पटरी पर पहुंचे। इसी दौरान जमालपुर नहर पुल के पास दो बाइकों पर सवार पांच बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने इन बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। बदमाशों की एक गोली थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में धस गई, जिससे वे बाल-बाल बचे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांचों बदमाशों को दबोच लिया। मुठभेड़ में जनपद मेरठ के परतापुर क्षेत्र के उपलेहड़ा निवासी एक बदमाश विकास पुत्र जितेंद की पैर में गोली लगने से घायल हो गया। विकास के साथ कौशेंद्र पुत्र सुभाष निवासी अलीपुर मोरना थाना हस्तिनापुर, आकाश पुत्र अशोक निवासी बुआड़ा कलां थाना खतौली, विश्वास पुत्र राजकुमार निवासी गगसौना थाना फलावदा, जितेंद्र पुत्र रघुराज निवासी दरियापुर थाना हस्तिनापुर को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से पांच तमंचे, काफी कारतूस, लूटी गई दो अपाचे बाइक, दो मोबाइल आदि सामान बरामद हुआ। 

एजेंट से हुई लूट में चल रहे थे वांछित 
सीओ ने बताया कि इन पांचों बदमाशों ने 26 दिसंबर को भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट अंकित से 68,932 रुपये, एक लैपटॉप, दो मोबाइल लूटे थे। पांचों बदमाशों पर इसी लूट के चलते पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा मेरठ, मवाना, हस्तिनापुर, खतौली आदि थानों में भी इन पर लूट के मामले दर्ज हैं। बदमाशों के पास से फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूटा गया मोबाइल, टैबलेट और खतौली व मवाना से लूटी गई दो अपाचे बाइक समेत हजारों रुपये की नगदी बरामद हुई है। 

दिल्ली के व्यापारी से लूटने थे 25 लाख 
 पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि दिल्ली के एक व्यापारी से 25 लाख रुपये लूटने की साजिश रची गई थी। इस वारदात को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी।
 
शिक्षा की राह छोड़ बन गए लुटेरे 
मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाश शिक्षा के साथ-साथ लूटपाट करने में भी माहिर हो गए। एक बदमाश कौशलेंद्र दिल्ली पुलिस की फिजिकल परीक्षा पास कर चुका है, जबकि विकास नागर बीटेक कर रहा है। जितेंद्र बीए का छात्र है। विकास उर्फ गुड्डू इंटरमीडिएट पास कर चुका है। प्रकाश हाईस्कूल पास है। पढ़ाई के साथ-साथ अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए पांचों ने अपराध की दुनिया में कदम रखा। लूटपाट कर पांचों अपने शौक पूरे करते थे। 

पढ़ें : Encounter : 20 हजार के इनामी शूटर को जांबाज अफसर ने मारी गोली
विज्ञापन

शामली में मुठभेड़

दो आरोपी गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में भूरा-बराला तिराहे पर मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन भैंस बरामद की। मौके से मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन भैंस, एक पिकअप, एक तमंचा मय चार कारतूस बरामद किए। आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालान कर दिया गया। 

सोमवार रात नौ बजे कोतवाली कैराना के कार्यवाहक प्रभारी सुनील दत्त क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि भूरा-बराला तिराहे पर बदमाश नगला राई से चोरी की गई भैंसों को लेकर जा रहे हैं। सूचना पर अमल करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की पिकअप की घेराबंदी कर दी, जिस पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों को अपने काबू में कर लिया, जबकि तीन आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाशों में कोई घायल नहीं हुआ। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक-एक देशी तमंचा 315 बोर, एक-एक खोखा कारतूस के साथ-साथ चोरी की तीन भैंस व एक पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दिलशाद निवासी ग्राम मंसूरा थाना झिंझाना व शकील निवासी दोघट बागपत बताए। बताया कि भैंसों को एक दिन पहले रात्रि में उनके द्वारा गांव नंगलाराई से हाशिम के मकान से चोरी की थी, जिसके बाद वह उन्हें बेचने के लिए जा रहे थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। कोतवाल ने बताया कि गिरोह के तीन आरोपी आरिफ निवासी मंसूरा व सोनू निवासी दोघट तथा एक अन्य अज्ञात फरार हो गए है। इसका सरगना आरिफ बताया जा रहा है, जिनकी तलाश की जा रही है। बाद में पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उनके विरुद्ध सुसंगत अभियोग दर्ज कर चालान कर दिया।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें