यूं तो जनसभाएं पहले भी होती रही हैं, मगर विकसित भारत संकल्प यात्रा में एक बात अलग रही। इसे नया प्रयोग भी कहा जा सकता है। इस जनसभा के मंच पर लाभार्थी और सरकार मंच के सामने नीचे लगे मूढ़ों पर बैठी हुई थी। एक-एक कर लोग योजनाओं के लाभ का अनुभव बयां करते रहे, जबकि सीएम योगी ने मंच के सामने लगे मूढ़ों पर बैठे हुए ही उनसे संवाद किया। हालांकि बाद में सीएम योगी ने संबोधन मंच से ही किया।
नजीबाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत जालबपुर गुदड़ में स्थित दि होराइजन स्कूल के परिसर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विकसित भारत संकल्प यात्रा की वैन का उद्घाटन किया। वहां पर लगी प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया।
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है
सीएम योगी ने नन्हें-मुन्ने बच्चों को दुलारकर उनका अन्नप्राशन कराया और उपहार दिए। दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी पूरी की। सीएम योगी ने कहा कि बिजनौर समेत पूरा देश विकसित भारत के निर्माण के लिए और संकल्पित है। विकसित भारत संकल्प यात्रा बिजनौर के 567 ग्रामों सहित प्रदेश के हजारों गांव एवं शहरों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि आज देश में गरीबों और जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, गरीबों के घर में निशुल्क शौचालय, जनधन अकाउंट योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम सम्मान निधि और पीएम स्वनिधि जैसी तमाम लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
अपनी जुबानी अपनी कहानी
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में भेदभाव किया जाता था, परंतु वर्तमान सरकार बिना धर्म जाति वर्ग के सभी पात्र लाभार्थियों को शासकीय योजना का भरपूर लाभ पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 55 लाख से अधिक परिवारों को आवास, तीन करोड़ परिवारों को शौचालय, 10 करोड़ लोगों का आयुष्मान भारत कार्ड का लाभ दिया गया। जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वह मोदी की गारंटी वैन के पास आएं और 'अपनी जुबानी अपनी कहानी' सुनाएं तथा लोगों को अपने अनुभव बताएं, ताकि वंचित पात्र लोग इनका लाभ अर्जित कर सकें।
इन्हें दिया योजनाओं का लाभ
सीएम योगी ने दीन दयाल उपाध्याय राष्ट्रीय आजीविका मिशन के लाभार्थियों सरिता दूबे एवं दुलारी को 22.84 करोड़ का डेमो चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सुषमा एवं शीला को आवास की चाबी, प्रधानमंत्री रोजगार के तहत अतीकुर्रहमान को 10 लाख का डेमो चैक, सना एवं निर्मल को लैपटॉप वितरित किया। तेजरतन और तारावती को घरौनी प्रमाण पत्र दिया।
ये रहे मौजूद
प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिपं अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी एवं पूर्व मंत्री अशोक कटारिया, विधायक अशोक राणा, कुंवर सुशांत, ओमकुमार, सूचि मौसम चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, जिला प्रभारी हरिओम शर्मा, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र बॉबी, जिला सहकारी बैंक के सभापति दिनेश चौधरी, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, पूर्व सांसद यशवंत सिंह, ऐश्वर्य मौसम चौधरी, ब्लॉक प्रमुख तपराज आदि मौजूद रहे।