अन्य संस्करण के ध्यानार्थ...
- जर्मन हैंगर तकनीक से बनाया गया मंच, ढाई हजार लोगों के बैठने की रहेगी व्यवस्था
- सहारनपुर से मोहिउद्दीनपुर में 4.15 पर आएंगे मुख्यमंत्री, करेंगे भूमि पूजन व शिलान्यास
- कमिश्नर, डीएम, सीडीओ, मेडा उपाध्यक्ष ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप की सौगात शहर को देंगे। वह लखनऊ से पहले सहारनपुर जाएंगे और शाम 4.15 बजे मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप योजना में पहुंचेंगे। यहां पर हेलीपैड भी बना लिया गया है। मुख्यमंत्री नई टाउनशिप का भूमि पूजन व शिलान्यास करेंगे। एक घंटे तक यहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 5.20 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचेंगे और कार से सर्किट हाउस जाएंगे। पंद्रह मिनट सर्किट हाउस रुकने के बाद वे ऊर्जा भवन पहुचेंगे और जनप्रतिनिधियों के साथ शाम 7.20 तक बैठक करेंगे।
इसके बाद मेरठ मंडल के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की मंडलीय समीक्षा 7.20 से 8.45 तक करेंगे। रात में मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में ही विश्राम करेंगे और मंगलवार को सुबह 9.25 बजे पुलिस लाइन से आईटीआई अलीगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। रविवार को कमिश्नर हृषिकेश भास्कर यशोद, डीएम डा. वीके सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल, मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना, सचिव आनंद कुमार सिंह आदि अफसरों ने मोहिउद्दीनपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि करीब ढाई हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। जर्मन हैंगर तकनीक से मंच और पंडाल लगाया गया है। इसमें पंडाल 100 बाई 200 वर्ग फुट का पंडाल बनाया गया है। जबकि मंच 28 बाई 56 फुट का है।
31 जोन में विकसित होगी टाउनशिप
इस टाउनशिप के लिए मोहिउद्दीनपुर, छज्जूपुर, कायस्थ गावड़ी और इकला गांवों की जमीन किसानों से सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है। पहले फेज के अंतर्गत मेडा द्वारा 142 हेक्टेयर में इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित की जानी है। इंटीग्रेटेड टाउनशिप को 31 जोन में विकसित किया जाएगा, जो एनसीआर का केंद्र होगी। अभी तक शासन इस टाउनशिप के लिए 850 करोड़ रुपये जारी कर चुका है। करीब 800 करोड़ रुपये से 123 हेक्टेयर जमीन खरीद हो चुकी है और फेंसिंग लगाकर जमीन पर कब्जा लिया जा रहा है।