छात्राओं के वायरल वीडियो पर सपा का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
- जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, विधायक रफीक अंसारी ने स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। हापुड़ रोड स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में छात्राओं से ईंटें उठवाने के मामले में शनिवार को सपा नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने सर्दी के मौसम में छात्राओं से इस तरह गैर कानूनी कार्य कराने की निंदा की है। सपा विधायक रफीक अंसारी, विपिन मनौठिया, आदिल चौधरी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिसमें स्कूल प्रबंधन व प्रधानाचार्य पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। सपा नेता सम्राट मलिक सहित अन्य छात्रों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। छात्र नेता जुबेर अंसारी और अजमत अल्वी के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि जिस प्रकार जीजीआईसी कॉलेज में छात्रों से मजदूरी कराई जा रही है। वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है व मेरठ के शैक्षिक संस्थानों पर कलंक है। छात्रों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन एसडीएम को दिया। छात्रों ने कहा अगर एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में जुबेर अंसारी, अजमत अली, अक्षय यादव, गौतम शर्मा, शरीफ अल्वी, दीपक कश्यप, दानिश, शादाब, सोहेल अल्वी, चांद अल्वी, अनस, फरदीन मोहम्मद सहित अन्य छात्र मौजूद रहे। वहीं, मामले में आसपा नेता बदर अली कार्यकर्ताओं के साथ सिटी मजिस्ट्रेट से मिले। जिसमें उन्होंने प्रधानाचार्य बाल श्रम कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है।
मामले में प्रधानाचार्य ने वीडियो बनाने के खिलाफ दी तहरीर
जीजीआईसी प्रधानाचार्य पूनम गोयल ने छात्राओं से ईंटें उठवाने के मामले में श्रमदान के तहत कार्य करने की बात कही थी। वीडियो बनाने वाले के खिलाफ तहरीर दी है। निजी खर्च से स्थाई मंच तैयार करा रही हैं। जिसमें छात्राओं ने स्वेच्छा से श्रमदान का निर्णय लिया था। लेकिन अज्ञात युवक ने चुपचाप वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जबकि वीडियो की सच्चाई कुछ और है। उन्होंने छात्राओं की चुपचाप वीडियो बनाना सुरक्षा की नजर से गलत बताया। कहा कॉलेज में करीब 15 सौ छात्राएं पढ़ती हैं। कॉलेज के प्रांगण में अक्सर प्रोग्राम होते रहते हैं। ऐसे में छात्राओं की वीडियो बनाकर गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने वीडियो बनाने वाले के खिलाफ लिसाड़ीगेट थाने में तहरीर दी है।