मेरठ। कोरोना के कारण साल 2020 का पूरा सत्र ऑनलाइन पढ़ाई में गुजर गया, अब नए सत्र की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कोरोना का दूसरा स्ट्रेन आ चुका है। स्कूल, कॉलेजों को खोलकर रेग्युलर पढ़ाई कब से करानी है, इस संबंध में कोई निर्देश जारी नहीं हुआ है।
शहर के महिला डिग्री कॉलेजों में शिक्षिकाओं को तकनीकी शिक्षा की जानकारी दी जा रही है, ताकि नए शिक्षण सत्र में अगर ऑनलाइन कक्षाएं चालू रहीं तो दिक्कतें न आएं। सत्र 2020 में कोरोना के कारण सभी पीजी कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई हुई। ऑनलाइन पढ़ाई का शिक्षकों, छात्राओं का यह पहला अनुभव था। छात्राओं को ही तकनीकी समस्याएं नहीं आई, बल्कि कॉलेजों में शिक्षिकाएं भी काफी परेशान हुईं। कई शिक्षिकाओं को ऑनलाइन लेक्चर लेना नहीं आया। स्मार्ट क्लास में जुड़कर पढ़ाने में परेशानी हुई। व्हाट्सएप समूहों में भी दिक्कत हुई। ऐसे में शिक्षिकाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए कॉलेजों ने कदम बढ़ा दिया है। कनोहर लाल महिला पीजी कॉलेज में चार दिवसीय तकनीकी कौशल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। आरजी पीजी कॉलेज में भी विभिन्न विभागों में कार्यशाला आयोजित की जा रही हैं।