सरधना। थाना परिसर में आगामी त्योहार रविदास जयंती, शब-ए-बरात, महाशिवरात्रि एवं रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। लोगों से आगामी त्योहारों में शांति तथा सौहार्द कायम रखने की अपील की गई।
थाना परिसर में आयोजित बैठक में उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया ने कहा कि अगर कोई माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों को लेकर तहसील प्रशासन काफी चौकन्ना है। हर छोटी-बड़ी घटनाओं पर प्रशासन की पैनी नजर है। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी आगामी त्योहारों को एकता एवं भाईचारे के साथ मनाया जाए। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह ने त्योहार शांतिपूर्वक मानने की अपील की। किसी भी तरह का हुड़दंग, दंगा करने वालों, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। गणमान्य लोगों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा असामाजिक तत्व त्योहार के मौके पर माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी, पंकज जैन, सूर्यदेव त्यागी, शानू जैन, राहुल पाल, नवीन त्यागी, सोहनवीर सिंह, जितेंद्र पांचाल, जीशान कुरैशी, समर कुरैशी, पिंकी सोम, वेद प्रकाश आदि शामिल रहे।