- समर्थ पोर्टल पर 14 से भरे जा सकेंगे फॉर्म, 17 से 22 जनवरी तक जमा होगा शुल्क
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने सत्र 2025-26 में स्नातक और परास्नातक के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को एक बार फिर राहत प्रदान की है। विश्वविद्यालय ने प्रथम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू की है। समर्थ पोर्टल पर बुधवार 14 जनवरी से शुक्रवार 16 जनवरी तक शेष परीक्षार्थी अपना परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
हालांकि स्नातक एनईपी पाठ्यक्रमों और उन कोर्सेज के विद्यार्थी, जिनके परीक्षा प्रवेशपत्र पहले ही जारी हो चुके हैं, उन्हें फॉर्म नहीं भरना होगा। परीक्षा शुल्क जमा करने की अवधि 17 जनवरी से 22 जनवरी तक निर्धारित की गई है। कॉलेजों को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म का सत्यापन 24 जनवरी तक पूरा करना होगा जबकि नॉमिनल रोल सहित सभी फॉर्म 27 जनवरी तक विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग को उपलब्ध कराने होंगे।
विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड 25 जनवरी को जारी किए जाएंगे और परीक्षाएं 28 जनवरी से शुरू होंगी। परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य के अनुसार स्नातक के उन विषयों की परीक्षा भी शामिल की जाएगी। इनकी परीक्षा 13 जनवरी को शुरू नहीं हुई थी। समर्थ पोर्टल पर अंतिम तिथि के बाद विषय कोड चयन या फॉर्म भरने की कोई अनुमति नहीं मिलेगी, इसलिए छात्रों को समय पर फॉर्म भरकर विषयों का चयन सुनिश्चित करना होगा। एमएड, एमपीएड और एलएलएम के प्रथम सेमेस्टर के लिए अलग से सूचना जारी की जाएगी।
नए एनरोलमेंट नंबर से ही भरें फॉर्म
पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल पर ही होगी। छात्र नए एनरोलमेंट नंबर का उपयोग करके ही फॉर्म भरेंगे। परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://ccsuniversity.samarth.edu.in पर उपलब्ध है।
चुनौती मूल्यांकन के बाद अब कोई और मूल्यांकन नहीं
विश्वविद्यालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि चुनौती मूल्यांकन (चैलेंज इवैल्यूएशन) के बाद जारी परिणाम के विरुद्ध अब कोई अतिरिक्त मूल्यांकन का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। परीक्षा समिति के इस फैसले को लागू कर दिया गया है। चुनौती मूल्यांकन में दूसरा परीक्षक उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन करता है, लेकिन उसके बाद छात्र असंतुष्ट होने पर भी तीसरी बार मूल्यांकन या उत्तर पुस्तिका की छाया प्रति उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। यह निर्णय छात्रों के लिए पारदर्शिता बढ़ाने और प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।