- सुबह 10 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश, एडमिट कार्ड, स्कूल आईडी और आधार कार्ड लाना अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा बारहवीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 28 जुलाई को होगी। मेरठ क्षेत्र में परीक्षा के लिए लगभग 6,400 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनके लिए आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीबीएसई की सिटी कोऑर्डिनेटर मेरठ सपना आहूजा ने बताया कि परीक्षा का संचालन नियमित बोर्ड परीक्षा की तरह किया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे तक पहुंचने की सलाह दी गई है। सुबह 10 बजे के बाद केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह 10:15 से 10:30 बजे तक प्रश्नपत्र पढ़ने का समय मिलेगा जबकि उत्तर पुस्तिका पर लेखन कार्य सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड, विद्यालय का पहचान-पत्र (स्कूल आईडी) और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। इन तीनों दस्तावेजों के बिना किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सिटी कोऑर्डिनेटर ने विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले अपने परीक्षा केंद्र का एक बार भ्रमण करने की सलाह दी है ताकि दूरी, मार्ग और वहां तक पहुंचने में लगने वाले समय का सही अनुमान लगाया जा सके।
आहुजा ने बताया कि नियमित (रेगुलर) विद्यार्थियों को अपने-अपने विद्यालयों से एडमिट कार्ड प्राप्त करने होंगे। एडमिट कार्ड पर केंद्र अधीक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। प्राइवेट परीक्षार्थी सीबीएसई के पोर्टल से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही उन्हें अपने एडमिट कार्ड पर संबंधित परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य अथवा केंद्र अधीक्षक के हस्ताक्षर भी समय रहते करवाने होंगे ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।