थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहे था व्यापारी, दो आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। जमीनी विवाद में 13 लाख का चेक बाउंस होने पर कोर्ट से मुकदमा वापस लेने से इन्कार करने पर दो लोगों ने पशु व्यापारी महबूब (55) को किठौर थाने बाहर थप्पड़ मारे, जिससे पशु व्यापारी की सदमे से मौत हो गई। वह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था। मृतक के पुत्र ने शाहजहांपुर निवासी सरायतुल्ला तथा शाहिद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
किठौर थाना पर क्षेत्र के कस्बा शाहजहांपुर निवासी अलतमस ने प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि उसके पिता महबूब को कस्बा निवासी सरायतुल्ला ने 13 लाख रुपये का चेक दिया था। चेक बाउंस होने पर उसके पिता ने कोर्ट में केस दर्ज कराया था। आरोप है कि सरायतुल्ला उसके पिता से कोर्ट से मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था।
आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे सरायतुल्ला और उसका साथी शाहिद उनके घर आए और मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाने लगे। महबूब ने मुकदमा वापस लेने से इन्कार किया तो उक्त लोग जान से मारने की धमकी दी। करीब 11 बजे महबूब शिकायत करने के लिए थाने जा रहे थे जैसे ही वह थाने के बाहर पहुंचे तो सरायतुल्ला और शाहिद ने थाने के बाहर ही पशु व्यापारी महबूब को पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारे, जिससे महबूब वहीं बेहोश होकर गिर गए। आनन फानन में लोगों की मदद से उन्हें कस्बे के लोकप्रिय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महबूब की मौत की खबर सुनकर मोहल्ला कुरैशियान के पूर्व प्रधान अब्दुल वाहिद कुरैशी, इमरान कुरैशी, चेयरमैन वसीर्रहमान खान, असपा के नेता बाबर खरदौनी,सपा नेता मुमताज आलम, पूर्व प्रधान यूसूफ खान आदि दर्जनों लोग मेरठ मोर्चरी पहुंचे और पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, थाने के सामने शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की तत्काल गिरफ्तारी करने की अफवाह के चलते थाने तथा मवाना तिराहे को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। लेकिन परिजन शव को पोस्टमार्टम हाउस के बाद घर ले गए, जहां देर रात करीब दस बजे मृतक महबूब के शव को दफना दिया।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। देर रात पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, मगर परिजन मकानों पर ताले लगाकर भाग गए।
-