चचेरे भाई मोबिन ने बताया कि रात डेढ़ बजे के लगभग ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर मवी कलां मिनी टोल के पास पहुंचे तो शहजाद ट्रक में पीछे की तरफ पशु का रस्सा बांध रहा था। इसी समय पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रक में टक्कर मार दी। इससे शहजाद ट्रक की बॉडी में दब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद चालक कैंटर लेकर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगाकर ट्रक की बॉडी को तुड़वाया और शहजाद के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पशु व्यापारी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि कैंटर चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है। जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
परिवार के चार लोगों की भी हादसे में हो गई थी मौत
चचेरे भाई मोबिन ने बताया कि वर्ष 2017 में परिवार के चार लोगों की दाहा-बरनावा मार्ग पर पलड़ा गांव के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई । इस हादसे से परिवार टूट गया । अब शहजाद की भी मौत हो गई।
शहजाद की मौत के बाद गांव में पसरा मातम
पशु व्यापारी शहजाद की मौत के बाद गांव में मातमा पसर गया। पत्नी बिलकिस का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के तीन बेटे व दो बेटियां है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के घर शोक संवेदना देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।
टक्कर के बाद भैंस उछल कर सड़क पर गिरी
एक्सप्रेस-वे पर हादसा इतना भीषण था कि इसका अंदाजा ट्रक की हालत देखकर लग जाएगा। कैंटर की टक्कर लगने के बाद ट्रक में लदी एक भैंस उछल कर नीचे सड़क पर गिर गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक से भैंसों को नीचे उतरवाया और ट्रक को सड़क से हटवाया।