गढ़ीपुख्ता (शामली)। गांव हथछोया में शनिवार रात देव स्थली विद्यापीठ डिग्री कॉलेज में घुसे बदमाश नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। कॉलेज प्रबंधक का पुत्र सुनील सत्यम राज्यकर विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर मथुरा में तैनात है। प्रबंधक ने अपने बेटे की हत्या करने के इरादे से बदमाशों के कॉलेज में घुसने का अंदेशा जताया है।
कॉलेज के प्रबंधक प्रेम सिंह दिलावरे ने बताया कि उसका डिप्टी कमिश्नर बेटा परिवार के साथ हर शनिवार को गांव में आता है और रात में परिवार के साथ प्रबंधक कक्ष में ही निवास करता है। इस शनिवार को वह गांव में नहीं आए। बताया कि कॉलेज की दक्षिणी पूर्वी की दीवार में सेंध लगाकर बदमाश घुसे। प्रथम तल से होते हुए बदमाश जीने पर लगे चैनल का ताला तोड़कर प्रबंधक के कक्ष तक पहुंचे और उसका दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। वहां बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़ा और दस हजार रुपये चोरी कर लिए। बदमाश कक्ष के सामने स्लैब पर चूल्हा, गैस सिलिंडर, मिक्सी और एलइडी स्क्रीन चोरी की। इसके बाद बदमाश भूतल पर स्थित स्टोर रूम की उत्तर पश्चिमी दीवार तोड़कर उसमें घुसे और वहां से सोलर इनवर्टर पर लगी चार बैटरी चोरी कर ली।
प्रेम सिंह का कहना है रविवार सुबह सफाईकर्मी कौशल जब कॉलेज जा रही थी तो रास्ते में नीली कमीज पहने मुंह लपेटे हुए एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जब वह कॉलेज पहुंची तो वहां समिति के कोषाध्यक्ष राकेश भी पहुंच चुके थे। हो सकता है उनके पहुंचने की आहट पाकर बदमाश भाग गए।
उन्होंने तहरीर देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कॉलेज में पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।