गुर्जर समाज के लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे : वीरेंद्र सिंह
मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव गुढ़ा में हिंदू सम्राट मिहिर भोज के बोर्ड को लेकर चल रहे विवाद में गुर्जर समाज के लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे। गांव में बोर्ड लगा रहेगा और चौराहे का नाम गुर्जर चौक ही रहेगा।
शनिवार को यह बात भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कही। यहां सर्किट हाउस पहुंचकर उन्होंने समाज के लोगों के साथ बैठक की और मामले को खत्म कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद समाज के लोगों ने लखनऊ जाने के कार्यक्रम को निरस्त करने की घोषणा भी कर दी।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ साजिशकर्ताओं ने मामले को हवा दी। प्रदेश पार्टी कार्यालय से उन्हें समाज के बीच पहुंचकर मामले का संज्ञान लेने के लिए भेजा गया है। समाज के लोगों के सामने ही एडीजी और अन्य पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता हुई है। सभी मुकदमे तीन-चार दिन में वापस लिए जाएंगे। राज्य मंत्री दिनेश खटीक से भी वार्ता हो चुकी है। समाज में उनके प्रति कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोग समाज में राजनीतिक, सामाजिक चेतना भरने का काम करें। हिंदू सम्राट मिहिर भोज के नाम से विश्वविद्यालय और कॉलेज बनवाएं। इससे समाज का उत्थान भी होगा।
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी। इस सरकार में कैराना तो क्या किसी भी जिले से पलायन नहीं हो रहा है और न होगा। इस अवसर पर पूर्व आईएएस आदर्श सिंह, भाजपा नेता वेदव्रत आर्य, आकाश गुर्जर, ब्लॉक प्रमुख योगेश प्रधान, अमित पहलवान, सोनू गुर्जर, राहुल गुर्जर, संजीव प्रधान, आदेश कुमार, कृष्ण पाल गुर्जर आदि मौजूद रहे।