ब्रह्मपुरी पुलिस ने जांच पड़ताल की और अब्दुल अहद के शिकायती पत्र पर पंजाब के अमित के खिलाफ धारा 420, 467, 468 और 471 में सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का दावा है कि अमित को गिरफ्तार करके बद्दो की मर्सिडीज गाड़ी को कब्जे में लिया जाएगा। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना कि पुलिस ने जांच के बाद ही अमित पर मुकदमा लिखा है। पुलिस बद्दो की गाड़ी को केरल से लाएगी।
केरल में चल रही बद्दो की मर्सिडीज
बद्दो की मर्सिडीज केरल में चल रही है, जिस पर फर्जी तरीके से केरल का रजिस्ट्रेशन नंबर डाला हुआ है। बताया गया कि बद्दो के नाम से ही सेल लेटर तैयार कराया गया है, जिस पर बद्दो के हस्ताक्षर होना दर्शा दिया है। पुलिस ने कचहरी से बद्दो के अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर से मिलान भी कराने की बात कही है। वहीं, बद्दो की कार खरीदने वाले मेरठ के अब्दुल अहद ने भी बताया है कि फर्जी सेल लेटर बनाकर ही मर्सिडीज को नाम कराया गया है।
डिपिन सूरी की खुलेगी हिस्ट्रीशीट
मेरठ। बदन सिंह बद्दो की फरारी में ट्रांसपोर्ट व्यापारी डिपिन सूरी निवासी सुपरटेक पामग्रीन को पुलिस मुख्य आरोपी बता रही है। पुलिस डिपिन सूरी को बद्दो की फरारी में जेल भेज चुकी है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। ब्रह्मपुरी पुलिस ने सूरी पर दर्ज आपराधिक मुकदमों का रिकॉर्ड खंगाला व उसकी हिस्ट्रीशीट की फाइल तैयार कर ली, जिसे ब्रह्मपुरी पुलिस ने डीएम और एसएसपी को भेज दिया। अधिकारियों के हस्ताक्षर होते ही सूरी ब्रह्मपुरी थाने का हिस्ट्रीशीटर बन जाएगा। एसपी सिटी का कहना है कि सूरी पर गैंगेस्टर 14 ए के तहत भी जल्द कार्रवाई होगी।