- हादसे में दो कांवड़ियों की हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी,
खरखौदा। मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग-334 पर खरखौदा बाईपास स्थित बिजौली कट के सामने शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक हर्रा निवासी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में डाक कांवड़ लेकर राजस्थान लौट रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि नौ अन्य घायल हुए थे।
राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना कुम्हेर क्षेत्र के गांव अवार निवासी श्रद्धालु डाक कांवड़ लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। शुक्रवार देर रात बिजौली कट के सामने पीछे से तेज गति से आए आयशर कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार कई कांवड़िये उसके नीचे दब गए थे। हादसे में यशपाल और चालक राजेंद्र कुमार की मौत हो गई थी। नौ अन्य घायल हुए थे।
रविवार को खरखौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे के आरोपी कैंटर चालक इरशाद निवासी कसबा हर्रा थाना सुरूरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।