मेरठ। बिजली बंबा बाईपास स्थित टीकम सिंह क्रिकेट एकेडमी में चल रहे महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को दो मैच हुए। इसमें सीएबी क्रिकेट एकेडमी और राजेश पाठक क्रिकेट एकेडमी ने मैच जीते। पहला मैच सीएबी क्रिकेट एकेडमी और एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। सीएबी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट खोकर 177 रन बनाए। इसमें गोल्डी ने 89 रन की पारी खेली। दिशा शर्मा ने 72 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआरएमएस क्रिकेट एकेडमी की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 67 रन ही बना सकी। सीएबी क्रिकेट एकेडमी ने 110 रन से जीत प्राप्त की। प्लेयर ऑफ द मैच गोल्डी को चुना गया। मुख्य अतिथि पवन गोयल, अजीत सैनी ने विजेता टीम को सम्मानित किया। वहीं, दूसरा मैच राजेश पाठक क्रिकेट एकेउमी व चैंपियंस इलेवन के बीच हुआ। इसमें राजेश पाठक क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट खोकर 215 रन बनाए। टीम की ओर से पलक राणा ने शतकीय पारी खेली।
उन्होंने 64 गेंद में 102 रन बनाए। इसमें उन्होंने 17 चौके लगाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैंपियंस इलेवन की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी। राजेश पाठक क्रिकेट एकेडमी ने 94 रन से जीत प्राप्त की। गेंदबाजी में रजनी देवी ने 3 और संगीता ने 2 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच पलक राणा को चुना गया। मुख्य अतिथि पंकज कश्यप, दीपक सैनी, वीर सिंह ने विजेत टीम को सम्मानित किया।