मेरठ। पोल्ट्री फार्म बंद न करने पर दो भाइयों ने शनिवार को अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ इंचौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिल्ली के दरियागंज निवासी टोनी पंडित का इंचौली थाना क्षेत्र के अगवानपुर गांव में पोल्ट्री फार्म है। वह अंडे का कारोबार करते हैं। आरोप है कस्बा लावड़ निवासी अरीब और उसका भाई अदीब कई दिनों से उनके पोल्ट्री फार्म पर आकर गाली-गलौज कर फार्म बंद न करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। शनिवार रात वह अपने घर जा रहे थे। खेड़ी टप्पा गांव से पहले काले रंग की थार ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रुकवा ली।
आरोप है कि थार से उतरकर अरीब, अदीब और उनके साथियों ने कहा कि यहां मरेगा या पोल्ट्री फार्म पर मरेगा। टोनी ने कहा कि मेरी क्या गलती है। इस पर दोनों भाइयों ने साथियों के साथ मिलकर टोनी से मारपीट की। दो दिन में फार्म बंद न करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने जान का खतरा जताते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।