सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव कक्केपुर निवासी हरीश पुत्र ब्रह्मप्रकाश के साथ बस चालक व परिचालक ने मारपीट कर दी। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी युवक को सड़क किनारे धक्का देकर बस लेकर मौके से भाग गए। पीड़ित ने सरूरपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
पीड़ित हरीश ने तहरीर में बताया कि बुधवार को वह मेरठ से शामली जाने वाली बस में बैठकर अपने घर जा रहा था। वह अपने गांव के सामने पहुंचा तो उसने चालक को बस रोकने के लिए कहा। आरोप है कि बस चालक ने उसके गांव के सामने बस नहीं रोकी। विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर आरोपी चालक व परिचालक ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसे सड़क पर बस से नीचे फेंककर मौके से भाग गए। घायल अवस्था में पीड़ित थाने पहुंचा। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।