मुनकाद अली ने सोमवार को फूलबाग कॉलोनी स्थित बसपा जिला कार्यालय पर संगठन की समीक्षा करने के बाद अमर उजाला से विशेष बातचीत की। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष किया कि भले ही कुछ दल अपने चुनाव कार्यालय खोलकर शोर मचा रहे हों, लेकिन बसपा शांतिपूर्ण तरीके से अपने कैडर कैंपों के माध्यम से चुनाव की रणनीति तैयार कर चुकी है।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि इंडिया गठबंधन का किला पहले दिन से ही दरक रहा है। बसपा मुखिया मायावती साफ कह चुकी हैं कि बसपा इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं होगी। कहा कि बसपा पूर्व में सपा, रालोद और कांग्रेस के साथ गठबंधन करके देख चुकी है, जिसका फायदा बसपा को कभी नहीं मिला। बसपा की किसी भी पार्टी की विचारधारा मेल नहीं खाती।
उन्होंने निकाय चुनाव में मुस्लिमों के असदुद्दीन ओवैसी के प्रति रुझान पर कहा कि वह स्थानीय चुनाव थे। कुछ लोगों ने मुस्लिमों को गुमराह किया। अब मुसलमान किसी के बहकावे में आने वाला नहीं है। दलित, मुस्लिम और दबे कुचलों का अपमान हो रहा है। ये सब एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में अपने अपमान का बदला लेंगे।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी शाहजहां सैफी, मोहित जाटव, कमल सिंह, कुलदीप, जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह पाल, महावीर प्रधान, मुरारीलाल कैन, शहर विधान सभा अध्यक्ष परवेज आलम उर्फ गोलू , महासचिव संजय सैनी, भोपाल चांदना, ओमपाल खादर, पप्पू जाटव, खालिद, कुंवरपाल आदि मुख्य रहे।
यह भी पढ़ें: Gram Parikrma Yatra: मुजफ्फरनगर में मंच से बोले CM योगी-पहले प्रदेश में होते थे दंगे, अब दंगामुक्त माहौल
बंद कमरे में पढ़ाया जीत का पाठ
मुनकाद अली ने समीक्षा के बाद बंद कमरे में संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पार्टी हाईकमान के निर्देशों पर चर्चा की गई। प्रत्येक लोकसभा सीट के लिए मजबूत प्रत्याशी तलाश के निर्देश दिए गए। कहा कि संगठन में ओबीसी को प्राथमिकता से जोड़ने का काम किया जाए। पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा को मिले वोट पर भी मंथन किया गया।
यह भी पढ़ें: UP: चौधरी जयंत ने NDA में शामिल होने का किया एलान, पश्चिमी यूपी में बदलेंगे चुनावी समीकरण