चुनावी माहौल में धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के लिए भड़काऊ भाषण व बिना अनुमति के जनसभा करने पर मंगलवार को तीन प्रत्याशियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस का कहना कि बसपा नेता याकूब कुरैशी ने धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम किया। जबकि बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा और भाजपा प्रत्याशी सोमेंद्र तोमर के पक्ष में जनसभा करने का आरोप है।
एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि 23 जनवरी को खरखौदा थानाक्षेत्र के बिजली बंबा स्थित जमनानगर मोहल्ले में मेरठ दक्षिण सीट के बसपा प्रत्याशी हाजी याकूब कुरैशी ने एक जनसभा की। जिसमें संघ पर टिप्पणी करते धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की आपत्तिजनक टिप्पणी की। जिसकी वीडियो वायरल हुई। वीडियो में एक समुदाय के लोगों को अपने ही देश में गुलाम बनने, वोट का अधिकार छीन जाने की बात कही। इसको लेकर एसएसपी के निर्देश पर याकूब कुरैशी के खिलाफ खरखौदा थाने में धारा 153ए, 295ए, 298, 188, 505 सहित सभी धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गयी है।
वहीं, हस्तिनापुर सीट से बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा के खिलाफ भी मवाना थाने में केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि 30 जनवरी को योगेश वर्मा ने बगैर अनुमति के मवाना में जनसभा की। जिससे माहौल खराब हो सकता था। मवाना के दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज हुआ। वहीं, परतापुर थाने में शहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सोमेंद्र तोमर के समर्थन में जनसभा करने पर जयवीर सिंह प्रधान के खिलाफ केस दर्ज हुआ। आरोप है कि बिना अनुमति के जयवीर ने लोगों की भीड़ बुलायी और सोमेंद्र तोमर के पक्ष में जनसभा की थी।