बालिकाओं के लिए सात किमी दूरी तक बनाए जाएंगे केंद्र, 27 तक होगा केंद्र निर्धारण
स्ट्रांग रूम और प्रश्नपत्रों की अलमारी भी रहेगी सीसीटीवी की निगरानी में
मेरठ। पांच फरवरी से होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर अब रात में भी निगरानी के लिए नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। केंद्र निर्धारण की दूरी के मानकों में भी बदलाव किया गया है। सामान्य परीक्षार्थियों के लिए 12 किलोमीटर और बालिकाओं के लिए अधिकतम सात किलोमीटर की दूरी तक परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया 27 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
शासन की ओर से जारी केंद्र निर्धारण नीति के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं तथा दिव्यांग परीक्षार्थियों को स्वकेंद्र की सुविधा देने का प्रावधान है। इसके लिए उनका विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाया जाना जरूरी होगा। यदि विद्यालय केंद्र नहीं बनता है तो यथासंभव सात किलोमीटर की दूरी तक स्थित विद्यालय में केंद्र आवंटित किया जाएगा।
वहीं अन्य परीक्षार्थियों के लिए केंद्र की अधिकतम दूरी 12 किलोमीटर निर्धारित की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रकाश शुक्ल ने बताया कि जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार 28 नवंबर तक केंद्र निर्धारण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए होगी रात में निगरानी
परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। स्ट्रांग रूम और प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए लगाई गई डबल लॉक अलमारी की निगरानी के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से रात के समय भी स्ट्रांग रूम की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।