- बुजुर्ग मां से भी मारपीट का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नवाबगढ़ी गांव निवासी आरिफ और उसकी बुजुर्ग मां के साथ मारपीट के मामले में भाकियू किसान क्रांति ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाना सरधना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपते हुए पीड़ित परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन और घेराव की चेतावनी दी।
पीड़ित आरिफ पुत्र शरीफ निवासी नवाबगढ़ी की ओर से दिए गए शिकायत पत्र में बताया कि 26 अक्तूबर को कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में आरिफ के सिर पर चोट आई। उसकी मां फूलकुमारी को भी पीटा गया। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने और भविष्य में भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
थाने पहुंचे संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। विवाद होने पर उसका समाधान कानूनी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मुंफरीद, अहसान, आदिल, ओमबीर प्रधान, नरेंद्र चौधरी, अनुराग चौधरी, नफीस, रिजवान, सरफराज और हाजी शादाब सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।