औघड़नाथ मंदिर की सुरक्षा का खाका तैयार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सावन माह के दृष्टिगत औघड़नाथ मंदिर की सुरक्षा को मजबूत करने का खाका तैयार किया गया है। मंदिर की ओर आने वाले मुख्य मार्ग से लेकर गर्भगृह तक पुलिस मुस्तैद रहेगी। सीसीटीवी कैमरे के कंट्रोल रूम से निगरानी के साथ सेना को भी लगाया गया है।
कोरोना काल में आतंकी गतिविधियों के उजागर होने के बाद पुलिस और खुफिया तंत्र सतर्क हुआ है। समय-समय पर सुरक्षा प्लान को लेकर समीक्षा की जा रही है। सावन माह शुरू होते ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ बढ़नी शुरू हो जाती है। इसेे देखते हुए औघड़नाथ मंदिर की सुरक्षा को लेकर नए सिरे से प्लान तैयार किया गया है। पहले और दूसरे सोमवार के अलावा शिवरात्रि पर पर कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी रहेगी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।
मंदिर की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरों के हवाले रहेगी। इसके लिए प्रथम तल पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिस बल भी परिसर में सक्रिय होगा। बीच वाले गेट से चेकिंग के बाद लोगों को मंदिर में प्रवेश मिलेगा और समिति दफ्तर वाले गेट से बाहर निकाला जाएगा।
---
100 मीटर परिधि में नहीं आ सकेंगे वाहन
औघड़नाथ मंदिर की 100 मीटर की परिधि में कोई वाहन नहीं जा सकेगा। इसे देखते हुए बालाजी मंदिर मार्ग और बॉम्बे बाजार वाले रास्ते पर वाहन पार्किंग रहेगी। यहां पुलिस बल के साथ सेना के जवान भी व्यवस्था बनाने में सहयोग करेंगे। बीच बीच में वाच टावर बनाने पर भी सहमती बनी है। महिला पुलिस भी सादे कपड़ों में निगरानी करेगी।
---
सावन के दृष्टिगत मंदिर की सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। रास्ते से लेकर मंदिर के अंदर तक पुलिस के अलावा तीसरी आंख का पहरा रहेगा। ड्रोन कैमरे से भी निगहबानी होगी। भीड़ को रोकने के लिए बैरियर भी लगाए जाएंगे। कोरोना गाइडलाइन का पालन होगा। - सूरज राय, एएसपी कैंट