मेरठ। परतापुर बाईपास स्थित सेंट पेट्रिक एकेडमी में बुधवार को भाजपा नेता गोपाल शर्मा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानाचार्य का घेराव किया। स्कूल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि ब्रेनवॉश कर छात्रों को धर्म परिवर्तन के लिए बाध्य किया जा रहा है। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
दरअसल, 26 अप्रैल को टीपीनगर निवासी तीसरी कक्षा के छात्र ने मां को बताया था कि आंखों पर पट्टी बांधकर स्कूल स्टाफ उसे बस से कब्रिस्तान ले गया। वहां ईसाई धर्म के अनुसार पूजन करने और भूतप्रेत का डर दिखाया गया। इस मामले में पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच कर रही है। गोपाल शर्मा ने प्रधानाचार्य को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में छात्रों पर ऐसा दबाव बनाया गया या धर्म बदलने का प्रयास किया गया तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। इस दौरान गुलाब सिंह, पवन कश्यप, अंकित शर्मा, आकाश पंडित, दिपांशु शर्मा, शोभित तोमर, नितिन खेडा, गौरव पराशर, यश गोस्वामी, सिद्धार्थ, भावेश, अमन सहित अन्य रहे।
वहीं, प्रधानाचार्य एर्नेश मार्टिन ने कहा कि स्कूल पर लगाए गए आरोप गलत हैं। सीसीटीवी फुटेज में पूरे समय छात्र स्कूल में मौजूद रहा। पुलिस काे सभी कैमरों की फुटेज दे दी गई हैं। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। सभी तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।