गंगानगर। मेरठ-पौड़ी मार्ग स्थित सैनी गांव में किराना स्टोर बंद कर रहे मां कोकिल और बेटे पुनीत पर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों को देख भाग रहे सन्नी पर फायरिंग की गई। गनीमत रही कि वह बच गया। युवकों ने मां-बेटे को तमंचे की बट से भी पीटा। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों की तहरीर पर इंचौली थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
सैनी गांव में बैंक के पास संजय घर में ही किराना स्टोर चलाते हैं। मंगलवार रात साढ़े दस बजे मां कोकिल और 17 वर्षीय पुत्र पुनीत दुकान बंद कर रहे थे। कुछ नकाबपोश युवक पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। दुकान पर खड़ा पड़ोसी सन्नी वहां से भागने लगा तो युवकों ने उस पर तमंचे से फायर किया। इसमें वह बच गया। युवकों ने तमंचे की बट से मां-बेटे को बुरी तरह पीटा। मारपीट होते देख आसपास के लोग जुटे तो आरोपी भाग गए। सूचना पर डायल-112 टीम पहुंची।
बाद में इंचौली थाना प्रभारी नितिन पांडेय ने पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस ने घायल महिला को रक्षापुरम स्थित निजी अस्पताल और पुनीत को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार दोपहर पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि अभी घटना का कारण पता किया जा रहा है। बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
बैंक के बाहर घात लगाए बैठे थे हमलावर
ग्रामीणों ने बताया कि घटना से पहले बाइक सवार हमलावर बैंक के बाहर इकट्ठा हुए। सभी ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बाद में उन्होंने हमला किया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर दुकान के गल्ले से नकदी भी ले गए। वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।