सिसौली में विधायक उमेश मलिक की कार पर पथराव करते हमलावर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाजपा विधायक पर सिसौली में हमला, पहले गाड़ी पर कालिख फेंकी, फिर की तोड़फोड़
सिसौली(मुजफ्फरनगर)। भाकियू के मुख्यालय सिसौली में शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने गए बुढ़ाना के भाजपा विधायक उमेश मलिक का जबरदस्त विरोध हुआ, विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए भाकियू समर्थकों ने उनकी स्कार्पियो कार पर पहले काला तेल डाल दिया। उनकी कार पर पथराव और लाठी डंडों से हमला किया गया। विधायक ने भाग कर एक मकान में घुसकर जान बचाई। हमले में उनका निजी सहायक और गनर घायल हो गए है। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं और विधायक समर्थकों में आक्रोश है।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान और प्रदेश सरकार में कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी और एसएसपी भी भौराकलां थाने पर पहुंच गए। डीएम और एसएसपी के कार्रवाई कराने के आश्वासन पर चार घंटे तक थाने पर चला हंगामा और प्रदर्शन समाप्त हुआ। बुढ़ाना सीट से भाजपा विधायक उमेश मलिक शनिवार दोपहर को सिसौली में रविंद्र बंजी के यहां जन कल्याण समिति की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी बीच भाकियू समर्थकों ने लोगों से सिसौली स्थित किसान भवन पहुंचने का आह्वान किया, इसके बाद वहां भाकियू समर्थकों की भीड़ जुट गई। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे उमेश मलिक जाने लगे तो लोगों ने भाकियू जिंदाबाद और उमेश मलिक के विरोध में नारे लगाने शुरू कर दिए। विधायक अपनी स्कार्पियो कार में सवार होकर चलने लगे तो नारे लगा रहे लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसी बीच उनकी कार पर काला तेल फेंक दिया। पुलिस की मौजूदगी में ही नारेबाजी कर रही भीड़ ने उनकी कार पर हमला कर दिया। लाठी डंडो और ईंट पत्थर से कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उनकी कार के शीशे तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। विधायक उमेश मलिक ने बताया कि उन पर जान लेवा हमला भाकियू के लोगों ने किया है। हमले में उनका निजी सहायक धर्मेंद्र, गनर दीपक घायल हुए है। इस घटना के बाद किसान भवन सिसौली में पंचायत चल रही है तो भाजपा समर्थक थाना भौराकलां पर जमे हुए हैं। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष व सिसौली निवासी ओमेंद्र मुखिया ने नौ लोगों पर अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट, कातिलाना हमला करने और बलवे की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिसौली में विधायक की गाड़ी पर पथराव करता युवक।- फोटो : MUZAFFARNAGAR