‘दागी’ सिपाहियों को पोस्टिंग कराने की सिफारिश करने मंगलवार को योगी सरकार का हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक एसएसपी ऑफिस पहुंच गए। विधायक ने फरियादियों के सामने सिपाहियों की सूची कप्तान को सौंप दी। सिपाहियों के नाम सूची में देखकर कप्तान ने विधायक की तरफ देखा और पोस्टिंग करने से मना कर दिया। जिस पर विधायक चुपचाप बाहर आए और फिर कप्तान को फोन करके कहा कि आपने मेरा अपमान किया है।
मामला भाजपा हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक से जुड़ा है। मंगलवार दोपहर विधायक दिनेश खटीक व एक जिला पंचायत सदस्य एसएसपी ऑफिस पहुंचे। विधायक ने एक पर्ची एसएसपी को सौंपी, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों की मवाना और हस्तिनापुर थाने में पोस्टिंग कराने की सिफारिश थी। एसएसपी ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग नहीं कर सकता, क्योंकि यह सब दागी है। दो दिन पहले उक्त सिपाहियों समेत 65 पुलिसकर्मियों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन में भेजा है।
उसके बाद दूसरी पर्ची जिला पंचायत सदस्य ने दी, लेकिन एसएसपी ने साफ कहा कि इनकी पोस्टिंग अभी नहीं हो सकती। उसके बाद विधायक और जिपं सदस्य वहां से वापस लौटे। कुछ ही देर बाद विधायक का फोन कप्तान के मोबाइल पर आया। जिसमें विधायक ने कहा कि कप्तान साहब आपने मुझे अपमानित किया। जिस पर एसएसपी बोले कि विधायक जी आपका अपमानित करने का मतलब ही नहीं उठता। मैने वहीं कहा, जो सही था। दागी पुलिसकर्मी की पोस्टिंग नहीं हो सकती।