बिलखते हुए बोलीं बेटियां... पापा बात क्यों नहीं कर रहे
गौरव चौहान का शव पहुंचते ही घर सहित गांव में शोक छा गया। बिलखते हुए बेटियां दिव्यांशी और काव्या पूछती रहीं कि पापा को क्या हो गया है। वह क्यों लेटे हैं और बात क्यों नहीं कर रहे। बच्चियों के इन सवालों को सुनकर यहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पिता चेतन, मां निशा और पत्नी कामिनी भी बार-बार बिलखते रहे और लोग उन्हें संभालते रहे। गांव स्थित श्मशान में भतीजे अंशु ने चिता को मुखाग्नि दी।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: सिसौली से निकला काफिला, टिकैत बोले- ट्रैक्टर को कोई छू नहीं पाएगा, ये है किसानों की आन-बान और शान
पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
शव पहुंचने के बाद पूर्व विधायक संगीत सोम, भाजपा जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, सतेंद्र भराला, अंकुर मुखिया, अजय भारद्वाज, बबलू प्रधान, विवेक बालियान, मोहन गुर्जर, समीर चौहान, मनिंदर विहान, प्रेमपाल चौहान, विक्रांत ढाका, डॉ. विजय, अभिषेक डबास सहित अन्य सांत्वना देने पहुंचे। गांव के निवासी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललित चौहान ने बताया कि गौरव पूर्व में दौराला युवा मोर्चा मंडल के अध्यक्ष भी रहे। वह पार्टी के साथ ही सामाजिक कार्यों में भी हमेशा सक्रिय रहे। सोशल मीडिया पर भी सरधना विधायक अतुल प्रधान सहित अन्य नेताओं, व्यापारियों और समाजसेवियों ने शोक जताया।