भाजपा की जनविश्वास यात्रा मेरठ में सिवालखास क्षेत्र के गांव कल्याणपुर पहुंच गई है। वहीं उकसिया गांव में जन विश्वास यात्रा का स्वागत किया गया। बताया जा रहा है कि यात्रा का पूरे जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा। गुरुवार को पदाधिकारियों ने इसको लेकर रणनीति बनाई थी। आज वेदव्यासपुरी में रात्रि विश्राम होगा।
यात्रा का शुक्रवार सुबह सिवालखास क्षेत्र के उखलीना, कल्याणपुर से प्रवेश हुआ। यहां से भूनी चौराहे से सरधना, दौराला, लावड़ होते हुए बना मसूरी में हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचेगी। इसके बाद मवाना, किला परीक्षितगढ़, कैली-रामपुर, किठौर से होते हुए सिसौली पहुंचेगी। शाम छह बजे गढ़ रोड पर नोबल पब्लिक स्कूल के सामने से होते हुए शहर में हापुड़ अड्डा चौराहे से बच्चा पार्क, बेगम पुल चौराहा, रेलवे रोड, मेट्रो प्लाजा, हर्मन सिटी होते हुए वेदव्यासपुरी पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें: फिर बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी राहुल काला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, किरायेदार बोले- हम बेघर हो गए, देखिए तस्वीरें
यात्रा में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्यमंत्री दिनेश खटीक और क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल रहेंगे। गुरुवार को भाजपा नेताओं ने पूरी तैयारियां कर ली। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने व्यापार संघ के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ आबूलेन, बेगमपुल, सदर आदि क्षेत्र में संपर्क किया। इससे पहले करनैल होटल में व्यापारियों के साथ विधायक ने बैठक की। ईव्ज चौराहे पर पूर्व विधायक अमित अग्रवाल ने यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारी के लिए व्यापारियों से संपर्क किया।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की तस्वीरें: मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां, बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर