मेरठ के कमलानगर में बिल्डर प्रदीप गुप्ता उर्फ पिंकी की कोठी में लूट के मामले में आरोपी बिलकिटस को नेपाल में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बिलकिटस ने बताया कि लालभुल के साथ उसने मेरठ से पहले भी दूसरे राज्य में लूट की वारदात की थी। वह 19 नवंबर को मेरठ आया था। रात में लालभुल और लक्ष्मण के साथ होटल में रुका था और अगले दिन 20 नवंबर को वारदात करके वहां से सीधे नेपाल आ गया था। आरोपी लक्ष्मण की तरह बिलकिटस ने भी बल बहादुर और लालभुल के पास ही नकदी-जेवरात होना बताया है।
20 नवंबर को नेपाली नौकर बल बहादुर धामी ने गार्ड मनोज को नशीला पदार्थ देकर लूट की वारदात की थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि बल बहादुर ने लालभुल, लक्ष्मण और एक अन्य युवक को बुलाकर वारदात कराई थी। लक्ष्मण को पुलिस ने मुंबई से पकड़ा है। इससे अभी पूछताछ चल रही है। मेरठ पुलिस ने लालभुल के भाई नरी उर्फ नरेश को संरक्षण देने के आरोप में बुधवार कोर्ट में पेश किया, जहां से वह जेल चला गया। पुलिस का दावा है कि चौथा आरोपी बिलकिटस है, जोकि नेपाल में पकड़ा गया। पूछताछ में नेपाल पुलिस को आरोपी बिलकिटस ने मेरठ में बिल्डर की कोठी में वारदात करना कुबूल लिया है।
लुटा हुआ माल उसने भी बल बहादुर और लालभुल के पास होना बताया है। दोनों आरोपियों के नेपाल में होने की बात सामने आई है। बिलकिटस ने बताया कि 20 नवंबर को वारदात करने के बाद लालभुल के साथ वह मेरठ में सोहराब डिपो पर आए थे। वहां से लालभुल उसे अकेले छोड़कर दूसरे रास्ते से जाने की बात कहकर चला गया था। तब से उसकी मुलाकात नहीं हुई। लालभुल के साथ उसने दूसरे राज्यों में इसी तरह से लूट की वारदात करने बताया है। नेपाल पुलिस ही आरोपी से पूछताछ करने में लगी है।
यह भी पढ़ें: अनोखा मामला: नहीं मिली मुर्दे की खाट, घर-घर तलाश रही पुलिस, परिजनों को सता रहा ये डर
एसपी सिटी पीयूष सिंह का कहना है कि बल बहादुर और लालभुल की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। लुटा हुआ माल बरामद करने का प्रयास चल रहा है।
यह भी पढ़ें: UP: होटल में छापा पड़ते ही मचा हड़कंप, कमरे से बरामद हुई ऐसी चीज, अफसर भी रह गए हैरान, देखें तस्वीरें