अस्पताल के बाहर वृद्धा की मौत पर परिजनों का हंगामा
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में बागपत रोड स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर वृद्ध महिला की मौत के बाद मंगलवार रात परिजनों ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि समय से उपचार न मिलने के कारण उनकी मरीज की मौत हुई। टीपी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत किया। अस्पताल ने आरोपों को गलत बताया है।
जानी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली रामोदेवी (70) पत्नी तेजपाल बाईपास स्थित अस्पताल में उपचाराधीन थी। मंगलवार रात महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें बागपत रोड स्थित एक अस्पताल में लेकर पहुंचे। अस्पताल के बाहर ही जब चिकित्सकों ने वृद्धा की जांच की तो उनकी मौत हो चुकी थी। यह सुनकर परिजनों का पारा चढ़ गया और वह हंगामा करने लगे। उन्होंने अस्पताल पर मरीज को समय पर भर्ती न करने का आरोप लगाया। सूचना पर टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बात की। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज जब यहां आया तो उसकी मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर रघुराज सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। परिजनों को समझाकर घर भेज दिया।