सरधना में कालंद रोड पर हुआ हादसा, ओवलोड वाहनों के आवागमन से ग्रामीणों में रोष
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील रोड पर शनिवार को गन्नों से ओवरलोड भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के नीचे एक बाइक दब गई। वहां गुजर रहे कई राहगीर बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक ने किसी तरह केबिन का शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।
गन्नों से लदा ट्रक कालंद की ओर से दौराला शुगर मिल जा रहा था। जैसे ही ट्रक तहसील रोड पर रजबहे के पास पहुंचा, अधिक भार होने के कारण ट्रक पलट गया। राहगीरों ने भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान बेगमाबाद निवासी ओमकार भी वहां से गुजर रहा था। उन्होंने किसी तरह दौड़कर खुद को बचा लिया, लेकिन उनकी बाइक ट्रक और गन्नों के नीचे दब गई।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गन्नों से ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि हादसे के संबंध में किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने ट्रक और गन्ना हटवा कर यातायात सुचारू करा दिया था।