उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उदयपुर की घटना पर रोष जताया और शहर के शक्ति चौक पर इस्लामिक जिहाद का पुतला फूंका। वहीं पुतला फूंके जाने के बाद बिजनौर पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उदयपुर की घटना पर आक्रोश जताते हुए शहर के शक्ति चौक पर इस्लामिक जिहाद का पुतला फूंका। साथ ही कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के उदयपुर में दिनदहाड़े हिंदू युवक की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की।
विज्ञापन
वहीं पुलिस ने इस्लामिक जिहाद का पुतला जलाए जाने पर बजरंग दल के पदाधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सरकार की मंशा के अनुसार राजस्थान में हुई घटना को लेकर जिले में कहीं भी कोई विरोध प्रदर्शन नहीं करने दिया जाएगा। शहर कोतवाली बिजनौर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी सिटी डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है
इससे पहले बुधवार को आयोजित बैठक में प्रांत सह मंत्री जितेंद्र चौधरी ने कहा कि उदयपुर में हिंदू युवक की नृशंस हत्या से पूरा हिंदू समुदाय आहत है। इस दौरान उन्होंने सरकार से नूपुर शर्मा और नवीन के परिवार को पूरी सुरक्षा देने की मांग की।
बैठक में बजरंग दल विश्व व हिंदू परिषद ने गुरुवार को शक्ति चौक पर 10 बजे इस्लामिक जिहाद का पुतला फूंकने का निर्णय लिया। गुरुवार सुबह बजरंग दल के कार्यकर्ता शक्ति चौक पर एकत्र हुए और इस्लामिक जिहाद का पुतला फूंका।
इस दौरान जिला मंत्री अनिल चौधरी, प्रांत सह प्रचार प्रमुख ललित जोशी, विभाग मंत्री कैलाश उपाध्याय, जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, सौरभ चौधरी, आदित्य चौधरी, खिलेंद्र चौधरी, अरुण सिंह, सुनील वर्मा, आशीष बालियान, सिंधु राज, शिवम आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।