बता दें कि विधायक दिनेश खटीक मवाना थाना क्षेत्र के कस्बा फलावदा के रहने वाले हैं। इन्होंने सन 2017 में पहली बार भाजपा की ओर से हस्तिनापुर विधानसभा से चुनाव लड़ा था। पहली ही बार में दिनेश खटीक ने बसपा प्रत्याशी योगेश वर्मा को पराजित कर जीत हासिल की। दिनेश खटीक शुरू से ही भाजपा में रहे हैं और संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। इनके पिता भी संघ के कार्यकर्ता रहे हैं। इनके भाई नितिन खटीक जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। जानकारी के अनुसार विधायक दिनेश खटीक का फलावदा में ईंट भट्टे का व्यवसाय है। वर्तमान में वह मेरठ के गंगानगर में रहते हैं।
विधायक दिनेश खटीक द्वारा कराए गए ये विकास कार्य
क्षेत्रीय विधायक दिनेश खटीक द्वारा हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्राचीन ऐतिहासिक नगरी में कई बड़े विकास कार्य कराए गए। खादर क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षित बचाने के लिए 18 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को विधायक दिनेश खटीक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर प्रस्तावित कराया। वर्तमान में जिसका निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है।
हस्तिनापुर में राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया। कस्बे के समीप श्री मालीपुर गौआश्रय स्थल बनाया, जिसमें लगभग 600 निराश्रित गोवंश आज भी मौजूद हैं। उन्होंने क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्य कराए। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जितने विकास कार्य भाजपा के विधायक दिनेश खटीक ने कराए, उतने अन्य किसी विधायक ने क्षेत्र में नहीं कराए।
यह भी पढ़ें: धर्मांतरण मामला: एटीएस की पूछताछ में नितिन पंत ने खोले मौलाना कलीम सिद्दीकी से जुड़े अहम राज, जल्द होगी ये बड़ी कार्रवाई