फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhuni Toll Case: एनकाउंटर और बुलडोजर की मांग, बेटे की हालत देखकर तड़पी मां, जानें इस केस में अब तक क्या हुआ

Tue, 19 Aug 2025 10:24 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

Meerut News: भूनी टोल प्लाजा पर मारपीट का शिकार हुए फौजी कपिल को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है। सात आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, बाकी की तलाश है। वहीं मेरठ कैंट स्थित सेना के अस्पताल में कपिल का इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
मेरठ में टोल पर मारपीट का मामला। गिरफ्तार किए गए सात आरोपी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

करनाल-मेरठ हाईवे के भूनी टोल प्लाजा पर गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल पर हमले की घटना से लोगों में अभी भी आक्रोश है। टोल प्लाजा पर हंगामा, तोड़फोड़ और सात आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। ग्रामीण ने आरोपियों का एनकाउंटर करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
विज्ञापन

 

सेना का जवान कपिल, उसके पिता और मां। - फोटो : अमर उजाला
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पुलिस प्रशासन को दिए गए 48 घंटे में सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन करेंगे। मंगलवार को महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला और पूर्व सैनिक पीड़ित परिजनों के अलावा घायल सैनिक कपिल से मिले। उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
 

महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला और पूर्व सैनिक पहुंचे कपिल के घर। - फोटो : अमर उजाला
सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल रविवार देर शाम छुट्टी से वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। कपिल को पिता कृष्णपाल, ताऊ तिरसपाल, चचेरा भाई शिवम और सुधीर दिल्ली एयरपोर्ट पर कार से छोड़ने जा रहे थे। सुबह पांच बजे की फ्लाइट थी। कपिल को सोमवार शाम तक श्रीनगर पहुंचकर ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। 
 

टोल प्लाजा पर तैनात पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
मेरठ-करनाल हाईवे पर भूनी टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन देखकर कपिल ने टोल कर्मचारियों को अपना परिचय देकर कार को एक साइड से निकलवाने का आग्रह किया था, ताकि वो समय पर जाकर फ्लाइट पकड़ सकें। टोलकर्मियों ने जवान का परिचय पत्र भी फेंक दिया था। जिसका विरोध करने पर टोल कर्मियों ने पोल से बांधकर जवान कपिल की लाठी डंडों और ईंटो से प्रहार कर पिटाई कर दी थी। आरोपियों की पिटाई से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था।
 

मंगलवार को भी फ्री रहा टोल प्लाजा। - फोटो : अमर उजाला
वहीं, किसी राहगीर से जवान के साथ मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल होते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। इसके बाद सोमवार को ग्रामीण, पूर्व विधायक संगीत सोम, भाजपा जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा के अलावा हजारों की संख्या में भीड़ ने भूनी टोल पर धरना दिना। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने टोल पर जमकर तोड़फोड़ की। 
 

चचेरा भाई शिवम और सेना का जवान कपिल। - फोटो : अमर उजाला
सेना के जवान के साथ मारपीट के मामले में मैसर्स धर्म सिंह कंपनी को ब्लैकलिस्ट व ठेका निरस्त करते हुए एनएचआईए ने कंपनी के ऊपर 20 लाख का जुर्माना लगाया था। जबकि ग्रामीणों की चार सूत्रीय मांग के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इसके बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
 

टोल पर हंगामे के दौरान सोमवार को संगीत सोम ने अफसरों को जमीन पर बैठा लिया था। - फोटो : अमर उजाला
उधर, मंगलवार को पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला गांव जाकर पीड़ित परिवार से मिली। हर संभव मदद का भरोरा दिया। इसके अलावा रालोद पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता चंद्रवीर सिंह, कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर, सूबेदार मेजर संदेश कुमार, कैप्टन सुभाष चंद भी पीड़ित परिवार और जवान कपिल से मिले। 

उन्होंने मांग की है कि एनएचआईए ने टोल कंपनी के ऊपर जो 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, वह पीड़ित परिवार को मिले। साथ ही आरोपियों का एनकाउंटर कर उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। इसके लिए वह केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह को पत्र लिखकर अवगत कराएंगे।
 

दिनभर फ्री रहा टोल, पुलिस रही मौजूद
सेना के जवान कपिल के साथ टोल कर्मचारियों द्वारा मारपीट के बाद आक्रोशित भीड़ ने टोल पर तोड़फोड़ कर टोल फ्री कर दिया था। मंगलवार को भी वह दिनभर फ्री रहा। जबकि टोल के कुछ सेंसर फास्टैग से किसी वाहन का शुल्क काट लेते। कभी स्वयं ही बंद हो जाते। जबकि घटना के बाद से पुलिस टोल प्लाजा पर सुरक्षा की दृष्टि से मौजूद रही। 
 

सातवें आरोपी सिक्योरिटी इंचार्ज नीरज तालियान को जेल भेजा
जवान कपिल के साथ मारपीट के सातवें आरोपी सिक्योरिटी इंचार्ज नीरज उर्फ बिट्टू तालियान निवासी गांव छुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार जेल भेज दिया है। सोमवार देर रात उसे पकड़ा था। मंगलवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कपिल के पिता कृष्णपाल की ओर से हत्या के प्रयास आदि धाराओं में मामला दर्ज किया था। 
सोमवार को पुलिस ने छह आरोपी सचिन, विजय, अनुज, अंकित, सुरेश राणा, अंकित शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस अभी तक सात आरोपियों को जेल भेज चुकी है। सबसे पहले कपिल के साथ मारपीट करने वाले रवि नामक टोलकर्मी समेत अन्य की पुलिस तलाश कर रही है। 
 

एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद सभी आरोपियों के नाम मुकदमे में शामिल कर गिरफ्तार कर भेज भेजा जाएगा। डिजिटल साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। 
सीओ सरधना आशुतोष कुमार की देखरेख में पुलिस की चार टीम बाकी आरोपियों की तलाश में लगी है। उधर, टोल प्लाजा के अधिकारी भी तोड़फोड़ के संबंध रिपोर्ट दर्ज कराने के प्रयास में लगे हैं। एसपी देहात ने बताया कि अभी टोल प्लाजा के अफसरों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
 

कपिल का भाई व जीजा भी सेना में दे रहे सेवा
गांव गोटका निवासी कपिल के पिता कृष्णपाल ने बताया कि कपिल का बड़ा भाई सचिन भी सैनिक है, जो पंजाब के फिरोजपुर में आर्म्ड बटालियन में अपनी सेवा दे रहा है। जबकि उसकी बेटी रीना के पति भी सेना में हैं। बताया कि कपिल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ग्रैनाइडर टीम का हिस्सा था। वर्तमान में वह घाटी में राष्ट्रीय राइफल बारामूला के पास तैनात है।
 

माता पिता बोले- घटना को याद कर दिल तड़प उठता है
कपिल के पिता कृष्णपाल व माता सुनीता ने बताया कि जब वह घटना को याद करते हैं तो उनका दिल तड़प उठता है। मां सुनीता ने बताया कि रविवार को अपने बेटे कपिल को तिलक कर नम आंखों के साथ ड्यूटी के लिए रवाना किया था। लेकिन छोटी सी बात को लेकर आरोपियों ने जिस तरह से उसकी पिटाई की, उस तरह तो किसी अपराधी के साथ भी नहीं किया जा सकता है। 
मां ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने पूरे देश के वीर सैनिकों के लिए लगातार प्रार्थना की है। उनके बेटे भारत के लिए सीमा पर डटे हुए हैं। आरोपियों के सामने कपिल के पिता, चाचा व चचेरा भाई विनती करते रहे, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। टोल कर्मचारियों से उनकी कोई रंजिश नहीं है। यादि टोल कंपनी के अधिकारी बातचीत करते तो समाधान निकल जाता। दूसरे गाड़ी वालों का गुस्सा आरोपियों ने कपिल पर उतारा है। घटना को याद करते ही उनका दिल तड़प उठ़ता है।
 
विज्ञापन

चोट भरने में लगेगा समय
घायल सैनिक कपिल मेरठ कैंट के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती है। कपिल ने फोन पर बताया कि उसने पूरी घटना की जानकारी अपने सीओ को दे दी थी। इसके बाद से आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे अंदरूनी चोट आई हैं। जिसमें उसके थाई, हाथ व कूल्हे का मांस फट गया है, जिसे भरने में समय लगेगा। फिलहाल डिस्चार्ज के लिए अभी चिकित्सक ने उसे कोई जानकारी नहीं दी है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें